बदायूॅं जनमत। किन्नरों के दो गुटों के बीच चल रहे पुराने विवाद के चलते चार किन्नरों को बंधक बनाकर पीटा गया। आरोप है कि हमलावरों ने उनके जेवरात और नकदी लूट ली और अपमानित करने के लिए उनके बाल भी काट दिए। पुलिस ने चारों पीड़ितों को बंधनमुक्त कराया है और मामले की जांच कर रही है।
घटना बिल्सी थाना क्षेत्र की है। कुंवरगांव थाना क्षेत्र के वार्ड संख्या सात निवासी रज्जो किन्नर के चार चेले मुस्कान, विनीता, बबलू और किशन रविवार को बिल्सी कोतवाली क्षेत्र के दुधौनी में आयोजित महाशिवरात्रि मेले के कार्यक्रम में गए थे। कार्यक्रम के बाद, सोमवार सुबह तड़के वे ऑटो से कुंवरगांव वापस जा रहे थे। अंबियापुर चौराहे के पास उझानी कस्बे के एक किन्नर गुट ने अपने साथियों के साथ उन्हें घेर लिया। पुरानी रंजिश के चलते चारों को जबरन ऑटो से उतारकर अपनी गाड़ी में डालकर उझानी ले जाया गया। उझानी में उन्हें एक घर में बंधक बनाकर बेरहमी से पीटा गया। हमलावरों ने उनके जेवरात और नकदी भी लूट ली। साथ ही, उन्हें अपमानित करने के उद्देश्य से उनके बाल भी काट दिए गए।
इसी दौरान, एक पीड़ित किन्नर के हाथ मोबाइल लग गया और उसने यूपी 112 पर कॉल कर दी। कुछ देर बाद पुलिस मौके पर पहुंची, जिसे देखकर हमलावर किन्नर भाग निकले। पुलिस ने चारों पीड़ितों को बंधनमुक्त कराया। बाद में उनके सहयोगी किन्नर भी बदायूं में एकत्र हुए और बिल्सी पहुंचकर पुलिस को मामले की तहरीर दी।

