बदायूॅं जनमत। समाजवादी पार्टी के नेता, मुख्य सचेतक तथा सांसद धर्मेंद्र यादव लोकसभा क्षेत्र बदायूं तथा संभल में आयोजित विभिन्न निजी और राजनीतिक कार्यक्रमों में सम्मिलित हुए। इसके अंतर्गत राजू यादव, अतेंद्र पाल सिंह, मो मियां, पूर्व विधायक मसर्रत अली उर्फ बिट्टन, सौरभ यादव के आवास पर आयोजित कार्यक्रम में सम्मिलित हुए। साथ ही बिल्सी में सैकड़ों लोगों के द्वारा धर्मेन्द्र यादव का शानदार स्वागत किया गया।
इस मौके पर धर्मेन्द्र यादव ने कहा कि वर्तमान समय में भाजपा के लोग यह अफवाह फैला रहे हैं कि महिला आरक्षण बिल विपक्ष में बैठे नेताओं की वजह से पास नहीं हुआ जबकि सच्चाई यह है कि सितम्बर 2023 में सर्वसम्मति से संसद में यह बिल पास हो चुका है। जिसमें समाजवादी पार्टी ने इस बिल को पास कराने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाई थी। इस महिला आरक्षण बिल की आड़ में भाजपा सरकार परिसीमन बिल लागू करने का षड्यंत्र कर रही थी, जिसे समाजवादी पार्टी सहित पूरे विपक्ष ने फेल कर दिया। समाजवाद के जनक डॉ राममनोहर लोहिया ने नर-नारी समानता की बात की थी, उसके बाद श्रद्धेय नेताजी ने सर्वप्रथम महिलाओं के लिए शौचालय बनवाए तथा पंचायती राज व्यवस्था में सर्वप्रथम महिलाओं को आरक्षण दिलवाया तत्पश्चात अखिलेश यादव ने सपा सरकार में 1090, कन्या विद्याधन, लैपटॉप, पढ़े बेटियां – बढ़े बेटियां जैसी ऐतिहासिक योजनाएं महिलाओं के कल्याण के चलाईं। समाजवादी लोग सदैव प्रचार प्रसार में पीछे रह जाते हैं जबकि इसके विपरीत भाजपा के लोग झूठी प्रेस वार्ता करके अपना झूठ फैलाने का कुत्सित प्रयास कर रहे हैं। आगे कहा कि एसआईआर के माध्यम से भाजपा सरकार ने यह भ्रम फैलाया कि देश में बांग्लादेशी घुसपैठिए हैं जिन्हें बाहर किया जाएगा।बिहार, पश्चिम बंगाल तथा उत्तर प्रदेश में एसआईआर की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, देश की गृह मंत्री बताएं कि कितने बांग्लादेशियों को बाहर किया गया अथवा कितनों को शरणार्थियों के कैंप में भेजा गया और यदि बांग्लादेशी देश में पाए गए हैं तो नैतिकता के आधार पर गृह मंत्री को इस्तीफा दे देना चाहिए।
उन्होंने आगे कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव 2024 के लोकसभा चुनावों में कहा था कि यह चुनाव संविधान बचाने के लिए लड़ा जा रहा है, जिसमें प्रदेश की जनता ने समाजवादियों का भरपूर साथ तथा समर्थन दिया जिसके फलस्वरूप उत्तर प्रदेश में सपा कार्यकर्ताओं व आमजनता ने भाजपा को हराने का कार्य किया तथा समाजवादी पार्टी को देश की तीसरी सबसे बड़ी विपक्षी पार्टी बनाया। आप सभी साथियों से अपील है कि आने वाले 2027 के विधानसभा चुनावों में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने में अपनी अहम भूमिका का निर्वहन करें जिससे बाबा साहेब डॉ भीमराव अंबेडकर के संविधान की रक्षा हो सके।
इस मौके पर पूर्व जिलाध्यक्ष प्रेमपाल सिंह यादव, पूर्व विधायक मसर्रत अली उर्फ बिट्टन, काज़ी रिज़वान, भानु प्रकाश, अवनीश यादव, फरहत अली, विपिन यादव, मोतशाम सिद्दीकी, अवधेश यादव, सोमेंद्र सिंह, जगत सिंह, मुवीन फरीदी, स्वाले चौधरी, राहुल कुर्मी, भानु प्रकाश, सोमेंद्र यादव, सोनू यादव, प्रभात अग्रवाल आदि लोग साथ रहे।

