विश्व पृथ्वी दिवस; न्यू होप्स पब्लिक स्कूल ककराला में प्रेरणादायक आयोजन

शिक्षा

बदायूॅं जनमत‌। विश्व पृथ्वी दिवस के अवसर पर न्यू हॉप्स पब्लिक हायर सेकंडरी स्कूल ककराला में ईको क्लब के तत्वावधान में एक भव्य एवं जागरूकता से परिपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस विशेष अवसर पर विद्यालय परिसर में पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी अनेक रचनात्मक एवं ज्ञानवर्धक गतिविधियां आयोजित की गईं। जिनमें विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
कार्यक्रम के अंतर्गत छात्रों ने आकर्षक एवं नवाचारी मॉडल तैयार किए। जिनके माध्यम से जल संरक्षण, वृक्षारोपण, प्लास्टिक मुक्त जीवन और प्रदूषण नियंत्रण जैसे महत्वपूर्ण विषयों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया। साथ ही विद्यार्थियों ने रंग-बिरंगे और संदेशपूर्ण पोस्टर बनाकर समाज को पृथ्वी की सुरक्षा हेतु जागरूक करने का सराहनीय प्रयास किया। विद्यालय के समस्त शिक्षकों एवं स्टाफ ने विद्यार्थियों को विश्व पृथ्वी दिवस के महत्व से अवगत कराते हुए पर्यावरण संरक्षण की आवश्यकता पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने छात्रों को बताया कि छोटे-छोटे प्रयास, जैसे जल की बचत, अधिक से अधिक पौधारोपण, प्लास्टिक का कम उपयोग और स्वच्छता बनाए रखना, किस प्रकार हमारी पृथ्वी को सुरक्षित रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। इसके अतिरिक्त, जिन विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट परियोजनाएं, मॉडल एवं पोस्टर तैयार किए उन्हें उनके कक्षा अध्यापकों द्वारा प्रोत्साहन स्वरूप पुरस्कार देकर सम्मानित भी किया गया।
इस अवसर पर विद्यार्थियों ने यह संकल्प लिया कि वे न केवल स्वयं पर्यावरण के प्रति सजग रहेंगे, बल्कि अपने परिवार और समाज को भी इसके प्रति जागरूक करेंगे। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों का उत्साह, रचनात्मकता और जिम्मेदारी का भाव स्पष्ट रूप से देखने को मिला, जो एक उज्जवल एवं हरित भविष्य की दिशा में सकारात्मक संकेत है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *