बदायूॅं जनमत। एक शादी समारोह के दौरान भाजपा नेता को अपने ही रिवाल्वर की गोल लग गई। बताया जा रहा है कि रिवाल्वर जमीन पर गिरने से फायर हो गया, जिससे गोली उनके पैर में लगी। उन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना उसावां थाना क्षेत्र के नवीगंज गांव में हुई। भाजपा किसान मोर्चा के पूर्व क्षेत्रीय उपाध्यक्ष राणा प्रताप सिंह गूरा गांव में राजबहादुर के पुत्र शिवम की शादी में शामिल होने गए थे। समारोह के दौरान जब वह लोगों से मिल रहे थे, तभी उनका रिवाल्वर हाथ से छूटकर जमीन पर गिर गया। रिवाल्वर के गिरते ही अचानक गोली चल गई, जो उनके पैर में जा लगी।
गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और राणा प्रताप सिंह को संभाला। उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। वहीं उसावां थाना अध्यक्ष राजेंद्र सिंह ने बताया कि उन्हें अभी तक इस गोली लगने के मामले की जानकारी नहीं मिली है।

