कब्जे की शिकायत पर उसहैत पहुंची PWD की टीम, राजस्व विभाग की मौजूदगी में हुआ चिन्हिकरण

उत्तर प्रदेश

बदायूॅं जनमत‌। उसहैत क्षेत्र के करीमनगर रोड स्थित लोक निर्माण विभाग की भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत पर विभाग हरकत में आया। बृहस्पतिवार को लोक निर्माण विभाग के जेई समेत राजस्व विभाग की टीम की मौजूदगी में भूमि का चिन्हांकन हुआ। साथ ही अवैध कब्जा करने की कोशिश में लगे लोगों को चेतावनी दी गई। वहीं विभाग का कहना है कि इसके बावजूद जो पीडब्ल्यूडी की भूमि पर अवैध कब्जे की कोशिश करेगा, उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
बता दें कि उसहैत-करीमनगर रोड पर गाटा संख्या 162 मिनजुमला में 5.8 बीघा भूमि लोक निर्माण विभाग की है। पिछले कुछ माह से दबंग इस भूमि पर अवैध कब्जा करने की कोशिश में लगे हुए थे। दबंगों ने जेसीबी मशीन से भूमि पर लगे हरे पेड़ों को जड़ से उखड़वा दिया। साथ ही जेसीबी मशीन से नींव भी खोद डाली। इसका विरोध करते हुए पड़ोसी किसानों ने इसकी शिकायत लोक निर्माण विभाग, एसडीएम और मुख्यमंत्री पोर्टल पर दर्ज कराई थी।
बृहस्पतिवार दोपहर को लोक निर्माण विभाग के जेई अजय सिंह भाटी और एसडीएम धर्मेंद्र कुमार सिंह के आदेश पर कानूनगो भगवानदास, लेखपाल सौरभ सक्सेना मौक़े पर पहुंचे। उन्होंने शिकायतकर्ताओं और पड़ोसी किसानों को बुलाकर जमीन की पैमाइश की, जिसके बाद लोक निर्माण विभाग की 5.8 बीघा भूमि को चिन्हिकरण किया गया।
जेई अजय सिंह भाटी ने बताया कि काफी दिनों से लोक निर्माण विभाग की भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत मिल रही थी। राजस्व विभाग की मौजूदगी में भूमि का चिन्हिकरण किया गया है। कोई भी व्यक्ति विभाग की भूमि पर अवैध कब्जा करने की कोशिश करेगा, उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उधर, पीड़ित किसान राजबहादुर का कहना है कि लोक निर्माण विभाग की भूमि गाटा संख्या 162 में दर्ज है जबकि विभाग अन्य खातों में नपत करके गया है। विभाग को चाहिए कि उच्चाधिकारियों की मौजूदगी में पूरे गाटा संख्या 162 की नपत करवाए।भूमि की नपत करती हुई राजस्व और पीडब्ल्यूडी विभाग की टीम : जनमत एक्सप्रेस।

नपत के दौरान मौजूद किसान व अन्य : जनमत एक्सप्रेस। 9997667313

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *