बदायूं में कच्छा-बनियान गिरोह का आतंक; एक रात में पांच घरों को बनाया निशाना, लाखों की डकैती

अपराध

बदायूॅं जनमत‌। जिले में मंगलवार रात कच्छा-बनियान गिरोह पांच घरों में आतंक फैलाया। हथियारबंद बदमाशों ने किसान परिवार को बंधक बनाकर लाखों रुपये की डकैती की, साथ ही विरोध करने पर महिलाओं समेत कई लोगों के साथ बेरहमी से मारपीट की।
थाना इस्लामनगर क्षेत्र में एक ही रात में मुस्तफाबाद और सिठौली गांव सहित पांच घरों को निशाना बनाया। इससे इलाके में दहशत का माहौल है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया और कई थानों की फोर्स मौके पर पहुंच गई। मुस्तफाबाद निवासी निजाकत पुत्र मोहम्मद नवी के घर देर रात करीब आठ से दस बदमाश दीवार फांदकर घुस आए। बदमाश कच्छा-बनियान पहने हुए थे और उनके हाथों में तमंचे, लाठी-डंडे व धारदार हथियार थे। घर में घुसते ही बदमाशों ने पूरे परिवार को बंधक बना लिया और अलमारी व बक्सों की चाबियां मांगने लगे। विरोध करने पर परिवार के लोगों के साथ जमकर मारपीट की गई।
घटना में निजाकत, मिस्किन, फिजा, शबनम, नाजिश और अल्तमश गंभीर रूप से घायल हो गए। प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पीड़ित परिवार के मुताबिक बदमाश करीब आठ तोला सोना, ढाई से तीन किलो चांदी और लगभग 1.25 लाख रुपये नकद लूटकर फरार हो गए।

पंडित जी कहकर बुला रहे थे साथी बदमाश…

परिजनों ने बताया कि गिरोह के एक सदस्य ने जनेऊ पहन रखी थी, जिसे अन्य बदमाश “पंडित जी” कहकर बुला रहे थे। पुलिस इस इनपुट के आधार पर गिरोह की पहचान और नेटवर्क खंगालने में जुटी है।

सिठौली गांव में भी ताबड़तोड़ वारदात…

कच्छा-बनियान गिरोह ने सिठौली गांव में भी कई घरों को निशाना बनाया। कृष्णा पत्नी हरचरण जाटव के घर से जेवरात चोरी किए गए, जबकि प्रेमपाल जाटव के घर से नकदी और कीमती सामान पार कर दिया गया। श्याम सिंह और कुलदीप यादव के घर में भी बदमाश घुस आए। शोर सुनकर कुलदीप यादव के जागने पर बदमाश मौके से फरार हो गए। वहीं मुकेश कुमार के घर से मंगलसूत्र, पायल समेत कई आभूषण चोरी कर लिए गए। ग्रामीणों के अनुसार रात करीब एक बजे से तीन बजे के बीच लगातार पांच घरों में वारदात हुई, जिससे पूरे क्षेत्र में भय का माहौल बना हुआ है।पुलिस और फोरेंसिक टीम जांच में जुटी…

घटना की सूचना मिलते ही इस्लामनगर थाना पुलिस, बिल्सी और उघैती समेत आसपास के थानों की फोर्स मौके पर पहुंच गई। सीओ बिल्सी केके तिवारी और एसपी देहात डॉ. हृदेश कठेरिया ने घटनास्थलों का निरीक्षण किया। फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस का मानना है कि बदमाश पहले से इलाके की रेकी कर चुके थे और उन्हें घरों की पूरी जानकारी थी। फिलहाल पुलिस गिरोह की तलाश में जुटी है और आसपास के क्षेत्रों में सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *