बदायूॅं जनमत। पत्नी के मायके चले जाने से नाराज युवक का शव बुधवार तड़के कमरे में साड़ी के फंदे से लटका मिला। उसका शव देख परिवार में कोहराम मच गया। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव नीचे उतारा और पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
घटना उझानी कोतवाली क्षेत्र के गांव मिहौना में हुई। गांव निवासी मोहित सिंह (32 वर्ष) बुधवार सुबह जब कमरे से बाहर नहीं निकला तो परिवार के एक बच्चे ने आवाज लगाई। अंदर से कोई आवाज नहीं आई तो परिवार के लोगों ने झांक कर देखा तो मोहित का शव कमरे में फंदे से लटका दिखाई दिया।
चीख-पुकार मचने पर आसपास घरों के लोग भी मौके पर पहुंच गए। सूचना मिलने के बाद पुलिसकर्मी भी पहुंच गए। परिजनों ने पुलिस को बताया कि पिछले दिनों मोहित और उसकी पत्नी पिंकी के बीच विवाद हो गया था। इसके बाद मायके पक्ष के लोग मोहित की पत्नी को ले गए थे। इससे मोहित नाराज था।
प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कुमार ने बताया कि मामला आत्महत्या का लग रहा है। शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। मृतक मोहित की दो बेटियां हैं। मोहित के गले में जिस साड़ी से फंदा लगा था, वह साड़ी उसकी पत्नी की बताई गई है।

