बदायूं में तेज रफ्तार कार पलटी; ड्राइवर की मौत, दिल्ली से हरदोई लौटते समय हुआ हादसा

उत्तर प्रदेश

बदायूॅं जनमत‌। जिले में एक तेज रफ्तार अर्टिगा कार अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में कार चालक की मौके पर ही मौत हो गई। यह घटना उसावां थाना क्षेत्र के मंशा नगला गांव के पास हुई।
मृतक चालक की पहचान मुश्ताक (35) पुत्र मुंतियाज के रूप में हुई है। वह हरदोई जिले के पचदेवरा थाना क्षेत्र के आमतारा गांव का निवासी था। मुश्ताक दिल्ली से अर्टिगा कार से अपने घर वापस लौट रहा था। बताया जा रहा है कि कार की रफ्तार काफी तेज थी। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रहे एक बाइक सवार को बचाने के प्रयास में कार सड़क किनारे पलट गई। चालक कार में दब गया। स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई।
सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और घायल चालक को अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की जेब से मिले मोबाइल फोन के जरिए उसकी शिनाख्त हुई। पुलिस ने परिवार वालों को सूचना देकर बुलाया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *