बदायूॅं जनमत। सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र में बुधवार रात सड़क हादसा हो गया। बदायूं-दातागंज हाईवे पर लखनपुर ईंट भट्टे के पास विद्युत निगम का ट्रांसफार्मर लेकर जा रहा लोडर पिकअप अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराया। हादसा इतना भीषण था कि चालक की मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, पिकअप वाहन दातागंज क्षेत्र से खराब ट्रांसफार्मर लेकर बदायूं स्थित वर्कशॉप आ रहा था। लखनपुर ईंट भट्ठे के पास हाईवे किनारे खड़े पेड़ से वाहन जोरदार तरीके से टकरा गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और चालक वाहन में ही फंस गया।
राहगीरों ने पुलिस को दी सूचना…
हादसे में चालक मुख्तियार (45) पुत्र दफेदार निवासी गांव सराय पिपरिया, कोतवाली दातागंज की मौके पर ही मौत हो गई। राहगीरों ने दुर्घटना देख तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही सिविल लाइंस पुलिस मौके पर पहुंच गई और एंबुलेंस की मदद से चालक के शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी भिजवाया।
परिवार में मचा कोहराम…
पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना दी। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। वहीं विद्युत निगम के अधिकारी और कर्मचारी भी मौके पर पहुंचे और दुर्घटना की जानकारी जुटाई। विद्युत ट्रांसफार्मर वर्कशॉप के अधिकारियों ने बताया कि संबंधित पिकअप बुधवार सुबह दातागंज क्षेत्र से खराब ट्रांसफार्मर लेने के लिए भेजी गई थी। देर रात लौटते समय यह हादसा हो गया।

