बदायूॅं जनमत। गंगा दशहरा पर सोमवार सुबह कछला गंगा घाट पर हादसा हो गया। स्नान के दौरान हाथरस जिले से आए फुफेरे भाई-बहन समेत नौ श्रद्धालु गंगा की तेज धारा में बह गए। छह लोगों को बचा लिया गया। युवक की डूबकर मौत हो गई, जबकि उसकी बहन समेत दो लापता हैं। इनकी तलाश की जा रही है। घटना के बाद घाट पर अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार हाथरस के थाना हसाइन के ग्राम कानू निवासी नीलेश पुत्र ओमवीर अपनी फुफेरी बहन शिखा पुत्री नेत्रपाल निवासी ग्राम पिछोती के साथ गंगा दशहरा पर स्नान करने कछला घाट पहुंचे थे। सोमवार सुबह करीब आठ बजे दोनों स्नान कर रहे थे, तभी अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। आसपास मौजूद श्रद्धालुओं ने शोर मचाया तो मौके पर तैनात गोताखोरों और पुलिसकर्मियों ने तुरंत बचाव अभियान शुरू किया।
युवक को निकाला, युवती की तलाश जारी…
कड़ी मशक्कत के बाद गोताखोरों ने नीलेश को गंगा से बाहर निकाल लिया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। वहीं शिखा का दोपहर तक कोई सुराग नहीं लग सका। गोताखोर लगातार नाव और स्ट्रीमर की मदद से गंगा में तलाश अभियान चला रहे हैं।
छह अन्य श्रद्धालुओं को भी बचाया गया…
गंगा स्नान के दौरान घाट के अन्य हिस्सों में भी कई श्रद्धालु तेज बहाव में बह गए थे। स्थानीय पुलिस, पीएसी और गोताखोरों की सतर्कता से पांच श्रद्धालुओं को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। जबकि एक युवक लापता है। उसकी तलाश की जा रही है।
सुरक्षा व्यवस्था में जुटा रहा प्रशासन…
गंगा दशहरा को लेकर कछला घाट पर भारी भीड़ उमड़ी हुई थी। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस और पीएसी के जवान लगातार स्ट्रीमर से गंगा में गश्त करते रहे और श्रद्धालुओं को गहरे पानी में न जाने की चेतावनी देते रहे।
डीएम और एसएसपी ने लिया घटनास्थल का जायजा…
घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी अवनीश राय और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा मौके पर पहुंचीं। अधिकारियों ने राहत एवं बचाव कार्य का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। प्रशासन द्वारा लगातार लाउडस्पीकर के माध्यम से लोगों से सावधानी बरतने और गहरे पानी में न जाने की अपील की जाती रही।

