पूर्व मंत्री आबिद रज़ा ने DM-SSP को लिखा पत्र, छोटे-बड़े सरकार में जांच के नाम पर ज़ायरीनों को न करें परेशान

उत्तर प्रदेश

बदायूॅं जनमत‌। शहर स्थित विश्वप्रसिद्ध बड़े सरकार (हजरत सुल्तान आरफीन) और छोटे सरकार (हजरत शाह विलायत) में इन दिनों प्रशासन बांग्लादेशी, रोहिंग्या और घुमंतू लोगों को पकड़ने के लिए छापामारी कर रहा है। जिला प्रशासन ने लगातार दूसरे दिन भी कार्रवाई करते हुए की संदिग्ध लोगों को हिरासत में लिया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है।
इस संबंध में पूर्व मंत्री आबिद रज़ा ने डीएम-एसएसपी को पत्र लिखा है। जिसमें उन्होंने कहा है कि दोनों दरगाहों पर पूरे प्रदेश ही नहीं बल्कि पूरे हिन्दुस्तान के हिन्दु, मुस्लिम, सिख, ईसाई अकीदत से आते हैं। सभी धर्मो के लोग दरगाह पर मन्नत मांगने आते हैं। पूरे देश के लोग जिनके परिवार में भूतप्रेत का साया हो जाता है तथा रूहानी असर हो जाता है। उनके रूहानी इलाज के लिए भी बड़े सरकार व छोटे सरकार की दरगाह पर आते है। दोनों दरगाहों पर चालीस दिन का चिल्ला करते हैं तथा कुछ लोगों को रूहानी इलाज में कई साल लग जाते हैं।
बड़े सरकार व छोटे सरकार में पुलिस प्रशासन बंग्लादेशी व रोहिंग्या व अपराधी किस्म के लोगों की जांच करा रहा है, जो सही है। हमें इसमें कोई एतराज नहीं है और हम व बदायूं शहरवासी भी पुलिस प्रशासन का बंग्लादेशी व रोहिंग्या व अपराधी की जांच में सहयोग करना चाहते हैं। लेकिन बड़े सरकार व छोटे सरकार में रूहानी इलाज व मन्नत मांगने के उद्देश्य से जो लोग (देश के हिन्दु, मुस्लिम, सिख, ईसाई) दरगाह पर रह रहे हैं, उनको बेवजह परेशान ना किया जाये।
इसलिए हम आपसे अनुरोध करना चाहते है कि आप सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देश दें कि बंग्लादेशी व रोहिंग्या व अपराधियों के अलावा छोटे-बड़े सरकार पर रहने वाले जायरीन जो गरीब हैं व सभी धर्मों के है तथा भारतीय हैं। उनको जांच के नाम पर परेशान ना किया जाये।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *