बदायूॅं जनमत। प्रसूता और नवजात की मौत के बाद इस्लामनगर में एक निजी अस्पताल, माही हेल्थ केयर सेंटर, को प्रशासन ने सील कर दिया है। यह कार्रवाई प्रसूता और नवजात की मौत के बाद की गई। जांच में अस्पताल बिना पंजीकरण के अवैध रूप से संचालित पाया गया।
इस्लामनगर थाना क्षेत्र में सीएमओ और नायब तहसीलदार के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने छापा मारा। टीम में डिप्टी सीएमओ व नोडल अधिकारी डॉ. नवनीत कुमार और लिपिक नितिन कुमार शामिल थे। छापेमारी के दौरान पता चला कि सहसवान रोड लालबाग पर स्थित माही हेल्थ केयर सेंटर बिना किसी वैध पंजीकरण के चल रहा था। अस्पताल में बिना डिग्री वाले डॉक्टर मरीजों का इलाज कर रहे थे। इसी अस्पताल में इस्लामनगर के मोहल्ला हाता निवासी 19 वर्षीय नरगिस पत्नी इलयाश की डिलीवरी के दौरान मौत हो गई थी।
अस्पताल को सील करने के बाद टीम ने अन्य अवैध क्लीनिकों पर भी छापेमारी की, लेकिन भनक लगने पर कई झोलाछाप मौके से फरार हो गए। सीएमओ डॉ. मोहन झा ने स्पष्ट किया कि अवैध अस्पताल और क्लीनिक किसी भी कीमत पर संचालित नहीं होने दिए जाएंगे।

