बदायूॅं जनमत। मुरादाबाद-फर्रुखाबाद हाईवे पर दो बाइकों की आमने-सामने हुई भीषण टक्कर में दो युवकों की मौत हो गई। हादसे के बाद दोनों परिवारों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
हादसा वजीरगंज थाना क्षेत्र के रोटा और वनकोटा गांव के बीच शुक्रवार रात हुआ। सहसवान कोतवाली क्षेत्र के भगतपुर गांव निवासी दिनेश (37) पुत्र चंद्रपाल सिंह बाइक से सिलहरी गांव में एक दावत में शामिल होने जा रहे थे। वहीं, बिसौली कोतवाली क्षेत्र के नवादा गांव निवासी गोपी (25) पुत्र गोविंद अपनी नानी के घर खुनक से वापस लौट रहे थे।
रोटा और वनकोटा गांव के बीच दोनों बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र वजीरगंज ले गए, जहां से चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जहां दोनों ने दम तोड़ दिया।
प्रभारी निरीक्षक सुरेंद्र सिंह ने बताया कि दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। तहरीर मिलने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

