बदायूॅं जनमत। जिले के कस्बा इस्लामनगर के मोहल्ला कुरैशी के मछली बाजार में शुक्रवार की शाम टेंपो की टक्कर लगने से बाइक का शीशा टूट गया। इससे शुरू हुआ मामूली विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। आमने-सामने रहने वाले एक ही समुदाय के दो पक्षों के बीच जमकर पथराव हुआ। करीब एक घंटे तक बवाल चला। पथराव में कई दुकानों के शीशे टूट गए। हालात पर काबू पाने के लिए पुलिस को लाठियां भांजनी पड़ीं। पुलिस बल ने पथराव करने वालों को गलियों में खदेड़ कर हालात पर नियंत्रण किया।
पथराव में पांच लोग घायल हुए। तीन की हालत गंभीर है। उन्हें सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर किया है। पुलिस ने मुर्हरम के दिन बवाल करने वाले 10 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। थाना क्षेत्र के मोहल्ला कुरैशी में मछली बाजार के पास मुहर्रम के जुलूस की तैयारियां चल रही थीं। इसके तहत तिराहे पर ताजिया रखा था। इसी दौरान संभल जनपद के हयातनगर निवासी दीपक मछली बाजार में मछली उतारने के लिए टेंपो लेकर पहुंचा। उसके टेंपो की टक्कर से मोहल्ला कुरैशी निवासी याबर के पुत्र कल्लू की मोटरसाइकिल का शीशा टूट गया।
इस पर याबर और दीपक के बीच कहासुनी हुई, लेकिन दीपक ने शीशा बदलवाने की बात कहकर मामला शांत करा दिया। इसी बीच पड़ोस में रहने वाले याकूब कुरैशी भी मौके पर पहुंच गए। यहीं पर याबर और याकूब के बीच टेंपो से बाइक को टक्कर लगने की बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों में विवाद शुरू हो गया और दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए। इसके बाद घरों और छतों पर चढ़कर एक-दूसरे पर ईंट-पत्थर बरसाना शुरू कर दिया। पथराव से पूरे मोहल्ले में भगदड़ और दहशत फैल गई। गलियां पथराव से पट गई। पथराव और बवाल की सूचना पर पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। एसपी ग्रामीण डॉ हृदेश कठेरिया, सीओ बिल्सी आलोक सिद्धू दल बल के साथ मौके पर पहुंचे और बवालियों पर काबू पाने के लिए पुलिस ने लाठियां भांजनी शुरू कर दीं। पथराव करने वालों को पुलिस कर्मियों ने दूर तक खदेड़ा। इसके बाद बिल्सी सर्किल के सभी थानों की पुलिस मौके पर बुला ली गई। पुलिस ने दोनों पक्षों के नौ लोगों को हिरासत में लिया है। सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
ये हुए हैं घायल, तीन को रेफर किया…
ईंटों और पथराव होने पर आरिफ पुत्र हबीब, आमिद पुत्र फारुख, इमरान पुत्र फारुख, बबलू पुत्र कल्लू, फारुख पुत्र कल्लू घायल हो गए। इन्हें सीएचसी में भर्ती कराया गया। इनमें से इमरान, आमिर तथा आरिफ की हालत गंभीर है, उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
सीसी कैमरों की फुटेज खंगालनी में जुटी पुलिस…
बवाल के बाद एसपी देहात डॉ. हृदेश कठेरिया और सीओ बिल्सी आलोक सिद्दू ने दोनों पक्षों के लोगों से बातचीत कर शांति बनाए रखने की अपील की। पुलिस आसपास लगे सीसी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। दोनों पक्षों के लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। घायलों का मेडिकल कराया गया है। तहरीर और साक्ष्यों के आधार पर केस दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। -आलोक सिद्दू, सीओ बिल्सी
पथराव और मारपीट की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। इसमें 9 लोगों को हिरासत में लिया है। मौके पर शांति व्यवस्था कायम है। इसमें विधिक कार्रवाई की जा रही है।
-डॉ. हृदेश कठेरिया, एसपी ग्रामीण

