218 करोड़ की GST चोरी में सपा नेता रचित गुप्ता समेत 3 गए जेल, अवैध रूप से संचालित थी गुटखा फैक्ट्री

उत्तर प्रदेश

बदायूॅं जनमत‌। समाजवादी पार्टी के जिला कोषाध्यक्ष और कारोबारी रचित गुप्ता के बदायूं स्थित आवास पर जीएसटी विभाग की टीम ने 12 घंटे तक मैराथन छापेमारी की। यह कार्रवाई अवैध रूप से संचालित की जा रही पान मसाला और गुटखा फैक्ट्री के जरिये 218 करोड़ रुपये की जीएसटी चोरी के मामले में की गई है।
जीएसटी की टीम रचित गुप्ता और उनके दो साथियों मनोज साहू व उमेश को गिरफ्तार कर मेरठ लाई, जहां कोर्ट में पेशी के बाद तीनों को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। इस संबंध में गौतमबुद्धनगर में मुकदमा दर्ज कराया गया था। दिल्ली, नोएडा और मेरठ के अधिकारियों की संयुक्त टीम मंगलवार रात 11 बजे रचित गुप्ता के बदायूं स्थित दातागंज आवास और ठिकानों पर पहुंची। स्थानीय पुलिस की सुरक्षा के बीच टीम ने कंप्यूटर रिकार्ड, कर संबंधी फाइलें और अन्य महत्वपूर्ण अभिलेख खंगाले। जांच में सामने आया कि रचित गुप्ता के प्रबंधन और नियंत्रण में गुटखा पाउच बनाने वाली 12 एफएफएस मशीनें अवैध रूप से चल रही थीं, जिन्हें मनोज साहू और उमेश संचालित करते थे। फरवरी से जून 2026 के बीच बिना किसी पंजीकरण और सरकार को सूचित किए इन मशीनों का संचालन कर करीब 218 करोड़ रुपये के राजस्व की हानि पहुंचाई गई।
मौके से टीम को 410 किलो कटी हुई सुपारी सहित गगन, शिखर, गोल्ड मोहर और दिलबाग ब्रांड का भारी मात्रा में तैयार माल और पाउच बरामद हुए हैं। आरोपितों के खिलाफ हेल्थ सिक्योरिटी एंड नेशनल सिक्योरिटी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। रचित गुप्ता मुख्य रूप से पान मसाला और पेट्रोल पंप के बड़े कारोबारी हैं।
आठ दिन पहले ही उन्हें सपा का जिला कोषाध्यक्ष बनाया गया था। वह सपा मुखिया के चाचा शिवपाल सिंह यादव और बदायूं के सांसद आदित्य यादव के बेहद करीबी माने जाते हैं। इससे पहले रचित गुप्ता दातागंज विधानसभा सीट से बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के टिकट पर चुनाव भी लड़ चुके हैं, लेकिन लोकसभा चुनाव के दौरान उनकी नजदीकियां सैफई परिवार से बढ़ीं और उन्होंने सपा का दामन थाम लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *