बदायूं के प्राथमिक विद्यालय में बिजली का तार टूट कर गिरा, दो सगे भाईयों के लगा करंट, अस्पताल में भर्ती

शिक्षा

बदायूॅं जनमत‌। शुक्रवार सुबह एक प्राथमिक विद्यालय में बिजली के टूटे तार की चपेट में आने से दो सगे भाई झुलस गए। घटना के बाद दोनों बच्चों को उपचार के लिए तत्काल एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। सूचना मिलने पर डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी जुटाई।
बिल्सी थाना क्षेत्र के गांव नेथुआ निवासी लियाकत ने बताया कि उनके बेटे असद और अहद शुक्रवार सुबह प्राथमिक विद्यालय में पढ़ने गए थे। आरोप है कि विद्यालय परिसर में पिछले तीन दिन से बिजली का तार टूटा पड़ा था, जिसकी शिकायत के बावजूद उसे ठीक नहीं कराया गया। इसी दौरान दोनों बच्चे टूटे हुए तार की चपेट में आ गए और करंट लगने से झुलस गए।
घटना के बाद विद्यालय परिसर में अफरा-तफरी मच गई। परिजनों और ग्रामीणों ने दोनों बच्चों को तत्काल एक निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार चल रहा है। ग्रामीणों ने इस मामले में लापरवाही का आरोप लगाते हुए संबंधित अधिकारियों से कार्रवाई की मांग की है। लियाकत का आरोप है कि जिस समय दोनों बच्चे करंट की चपेट में आए, उसी दौरान अचानक बिजली आपूर्ति बंद हो गई। उनका कहना है कि यदि बिजली आपूर्ति जारी रहती तो बड़ा हादसा हो सकता था।
विद्यालय में तैनात शिक्षक शकूर अहमद ने परिजनों के आरोपों को निराधार बताया। उनका कहना है कि शुक्रवार सुबह बच्चों ने सूचना दी थी कि बंदरों द्वारा बिजली का तार तोड़ दिया गया है। उन्होंने बताया कि घटना के बाद दोनों बच्चों को उपचार के लिए भेजा गया और उनकी हालत सामान्य है। इधर, सूचना मिलने पर डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी लेकर जांच शुरू कर दी है। वहीं ग्रामीण विद्यालय परिसर में बिजली व्यवस्था की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *