बदायूॅं जनमत। जिले में एक शादी वाले घर में मंगलवार तड़के हादसे में दुल्हन के चाचा की मौत से खुशियां मातम में बदल गईं। विदाई की तैयारियों के बीच बैक किए जा रहे पिकअप वाहन से कुचलकर श्याम सिंह की मौत हो गई। वाहन दूल्हे का चचेरा भाई धीरेंद्र चला रहा था। गुस्साए ग्रामीणों ने वाहन में तोड़फोड़ की। पुलिस ने आरोपी धीरेंद्र को गिरफ्तार कर लिया है।
कादरचौक थाना क्षेत्र के परमेश्वरी नगला में सोमवार रात स्व. चरन सिंह कश्यप की बेटी कुसुमा की जरीफनगर के गांव समसपुर कूड़ा निवासी भूरे कश्यप के बेटे उमेश शादी हुई थी। विवाह की सारी जिम्मेदारी चाचा श्याम सिंह ने ही ले रखी थी। मंगलवार तड़के करीब चार बजे कन्यादान लेने के बाद श्याम सिंह भी थकान की वजह से घर के बाहर डनलप के पास गद्दे के ऊपर अंगोछा बिछाकर सो गए।
परिजनों के अनुसार, करीब पांच बजे विदाई की तैयारियां चल रही थीं। तभी दूल्हे उमेश का चचेरा भाई धीरेंद्र अपनी पिकअप वाहन बैक करने लगा। वह वाहन को दुल्हन के मकान के दरवाजे तक लाना चाह रहा था। उसकी निगाह इस पर नहीं गई कि जहां गाड़ी खड़ी थी, उसके पीछे चाचा श्याम सिंह कश्यप (45 वर्ष) सो रहे थे। उसने वाहन बैक किया तो ड्राइविंग सीट की तरफ का पिछला पहिया श्याम सिंह की कमर पर चढ़ गया।
किसी तरह वाहन आगे करके उन्हें नीचे से निकाला और तत्काल जिला अस्पताल बदायूं ले जाया गया। वहां से चिकित्सकों ने गंभीर हालत में बरेली रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में उनकी मौत हो गई। बाद में किसी तरह विदाई की रस्म हुई।
ग्रामीणों की सूचना पर सुबह करीब छह बजे एसओ विक्रम सिंह मौके पर पहुंचे और परिजनों से घटना की जानकारी की। उझानी के सीओ सुनील कुमार ने बताया कि श्याम सिंह के बेटे मुकेश की ओर से केस दर्ज कर धीरेंद्र को गिरफ्तार कर लिया गया है।

