दावत-ए-इस्लामी के सामाजिक सेवा संस्थान GNRF ने बदायूं शहर में चलाया पौधरोपण अभियान

उत्तर प्रदेश

बदायूॅं जनमत‌। पर्यावरण संरक्षण और बढ़ते प्रदूषण के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से दावत-ए-इस्लामी इंडिया के सामाजिक सेवा संस्थान गरीब नवाज़ रिलीफ फाउंडेशन (GNRF) द्वारा एक जुलाई से 15 जुलाई तक देशव्यापी पौधरोपण अभियान का शुभारंभ किया गया है। अभियान का मुख्य संकल्प “पौधा लगाना है, पेड़ बनाना है” है।
इसके चलते बदायूं शहर में अभियान के तहत नगर पालिका स्कूल, दरगाह बड़े सरकार छोटे सरकार, शहीद स्थल, बड़ा कब्रिस्तान और ईदगाह सहित विभिन्न स्थानों पर पौधारोपण किया गया। अभियान का उद्देश्य केवल पौधे लगाना नहीं, बल्कि उनकी नियमित देखभाल कर उन्हें विकसित पेड़ बनाना और देश को हराभरा एवं सुरक्षित बनाना है। इस दौरान “एक पौधा मां के नाम” अभियान के अंतर्गत भी लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने की अपील की गई।
दावत-ए-इस्लामी इंडिया के बदायूं के जिम्मेदार मोहम्मद साक़िब, क़ारी तौफ़ीक़ और बड़े सरकार दरगाह के सज्जादा नशीन पीरज़ादा इनाम हुसैन, पीरज़ादा फरहान हुसैन, मोहम्मद दानिश, तथा बड़े सरकार दरगाह की समस्त समिति के सदस्यों ने दावत-ए-इस्लामी इंडिया के दीनी कार्यों की भी सराहना की।
आयोजकों ने आमजन से अपील की कि वे अपने घर, मोहल्ले, गांव और संस्थानों में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाएं तथा उसकी देखभाल कर उसे पेड़ बनने तक संरक्षित रखें, ताकि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और हराभरा वातावरण मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *