बदायूं में चुनावी रंजिश; प्रधान पति ने पूर्व प्रधान के घर पर किया हमला, CCTV में कैद हुई घटना

उत्तर प्रदेश

बदायूॅं जनमत‌। प्रधान और पूर्व प्रधान के बीच राजनीतिक रंजिश खुलकर सामने आ गई है। यहां प्रधान पति द्वारा पूर्व प्रधान के घर पर हमला करने का एक वीडियो सामने आया है। यह घटना तब हुई जब आरोपी के खिलाफ 3 दिन पहले मारपीट का केस दर्ज किया गया था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मामला फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र के सिसरका गांव का है। बुधवार शाम प्रधान आरती ठाकुर के पति तनवीर उर्फ ट्विंकल का एक वीडियो सामने आया। इसमें वह अपने साथियों के साथ गांव के पूर्व प्रधान नरेंद्र सिंह के मकान पर हमला करते दिख रहे हैं। सीसीटीवी फुटेज में आरोपी हाथ में डंडा और लोहे की रॉड लेकर जबरन घर में घुसकर तोड़फोड़ करते हुए कैद हुआ है।
बताया जा रहा है कि आरोपी तनवीर उर्फ टिंकल ने 14 जनवरी को भी पूर्व प्रधान पर हमला किया था। इस संबंध में थाना पुलिस ने 18 जनवरी को मुकदमा दर्ज किया था। इसी मुकदमे से बौखलाकर यह ताजा हमला किया गया है। इस वीडियो के साथ आरोपी की एक तस्वीर थाने में तैनात दरोगा के साथ भी सामने आई है, जिससे दरोगा से उसके करीबी संबंधों का संकेत मिलता है। इसके अलावा, आरोपी के तार बीजेपी के पूर्व विधायक कुशाग्र सागर से भी जुड़े होने की बात सामने आई है। पूर्व विधायक के करीबी और खुद को उनका प्रतिनिधि बताने वाले व्यक्ति के साथ भी आरोपी की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हुई हैं। पुलिस को मामले की तहरीर दे दी गई है।
थानाध्यक्ष राजकुमार सिंह ने बताया कि तहरीर मिलने के बाद जांच जारी है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *