बदायूॅं जनमत। मंगलवार देर रात एक दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। लगभग 70 वर्षीय बुजुर्ग मेहताब के घर में अज्ञात हमलावरों ने हमला कर उनके दोनों हाथों के अंगूठे काट दिए। गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग को प्राथमिक उपचार के बाद अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।
कुंवरगांव थाना क्षेत्र के ग्राम इमलिया निवासी मेहताब अपने घर में सो रहे थे। रात करीब 11 बजे अज्ञात हमलावरों ने घर में घुसकर उन पर हमला कर दिया। हमलावरों ने बुजुर्ग के सिर पर भी वार किया। खून से लथपथ बुजुर्ग को देखकर घर में चीख-पुकार मच गई और परिवार में हड़कंप फैल गया। सूचना पाकर डायल 112 और कुंवरगांव थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। घायल को प्राथमिक उपचार के लिए जिला अस्पताल बदायूं ले जाया गया। वहां उनकी हालत नाजुक होने के कारण उन्हें अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया। अस्पताल के डॉक्टरों ने बताया कि बुजुर्ग की स्थिति गंभीर है और उन्हें उच्च स्तरीय चिकित्सा की आवश्यकता है।
घटना के बाद पूरे ग्राम में भय का माहौल है। ग्रामीणों में चर्चा है कि यह हमला बुजुर्ग की जमीन हड़पने की नीयत से किया गया हो सकता है। कई लोग आशंका जता रहे हैं कि आरोपी पूर्व में भी भूमि विवाद से जुड़े मामलों में सक्रिय रहे होंगे।
कुंवरगांव थानाध्यक्ष राजेश कौशिक ने बताया कि उन्हें घटना की जानकारी मिली है और मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और जल्द ही दोषियों की गिरफ्तारी की जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि वह वर्तमान में बार एसोसिएशन के चुनाव के कारण खुद बदायूं में हैं, लेकिन मामले की निगरानी कर रहे हैं।

