बदायूं में प्रेमी युगल का शव पेड़ से लटका मिला; दुपट्टे-रस्सी के सहारे लटकी थीं लाशें, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

अपराध

बदायूॅं जनमत‌। एक प्रेमी युगल का शव आज सुबह गांव के बाहर पेड़ पर फंदे से लटका मिला। लड़का बालिग है जबकि लड़की नाबालिग है। दोनों के परिजनों ने एक दूसरे पर हत्या के बाद शव लटकाने का आरोप लगाया है। फिलहाल पुलिस ने शव पोस्टमॉर्टम को भेज दिए हैं। पूरा मामला हजरतपुर थाना क्षेत्र के वमनपुरा गांव का है। गांव में तनाव के मद्देनजर पुलिस तैनात कर दी गई है।
बताया जाता है कि आज सुबह गांव के अर्जुन (22) पुत्र ठकुरी और गांव की ही एक नाबालिग लड़की का शव पेड़ पर फंदे से लटका मिला। गांव के बाहरी ओर शव मिलने के बाद दोनों के परिजन मौके पर जा पहुंचे। अर्जुन की मां गीता का उसके पति से विवाद चल रहा था, ऐसे में वो पिछले लगभग 18 साल से बेटे को लेकर मायके में रह रही थी। यहां अर्जुन का एक साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था। गांव वालों के मुताबिक रविवार रात 12 बजे लड़की अपने घर से लापता हो गई। परिवार वाले उसे तलाशते हुए अर्जुन के मामा के घर पहुंचे और आरोप लगाया कि लड़की को अर्जुन ले गया है। रातभर परिजन दोनों को तलाशते रहे, जबकि सुबह उनके शव मिले हैं।

लड़की वालों ने दोनों को मार डाला…

लड़के के मामा नन्हें ने बताया मेरा भांजा मेरे साथ लगभग 17 साल से रहता है। रात को एक बजे लड़की वाले मेरे घर पहुंचे, बोले अपना लड़का ढूंढो। ये लोग उसे मारने के बाद टांगकर पहुंचे थे। मेरा भाई तलाशने पहुंचा लेकिन नहीं मिला, दो तीन घंटे बाद पेड़ पर लटका मिला। दोनों के बीच क्या चल रहा था, यह नहीं पता।

लड़की के चाचा बोले- कहा था एक घंटे में वापस भेज देंगे…

लड़की के चाचा ने बताया – रात को बेटी घर पर नहीं थी, हम इनके घर गए तो इन्होंने कहा कि एक घंटे में वापस भेज देंगे। रात को ढाई बजे लड़के के घर से चार बाईकों पर लोग सवार होकर निकले थे। जिन कपड़ों में शव लटके हैं वो कपड़े भी इन्हीं के घर के हैं। इन्हीं लोगों ने मारकर दोनों को लटकाया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *