15 नवंबर से हवा में उड़ान भर सकेंगे यात्री; बरेली से नवी मुंबई तक एयर इंडिया की सीधी सेवा

उत्तर प्रदेश

बरेली जनमत। लोगों के लिए हवाई यात्रा के क्षेत्र में एक नई उम्मीद जागी है। अब एयर इंडिया जल्द ही बरेली एयरपोर्ट से नवी मुंबई के लिए सीधी उड़ान शुरू करने जा रही है। यह सेवा पहले 15 अक्टूबर से शुरू की जानी थी, लेकिन नवी मुंबई एयरपोर्ट का निर्माण कार्य पूरा न होने के कारण उड़ान फिलहाल टल गई थी। अब संभावना है कि यह सेवा 15 नवंबर तक शुरू हो जाएगी।
इस उड़ान के शुरू होने से बरेली ही नहीं, बल्कि आसपास के जिले जैसे पीलीभीत, बदायूं, शाहजहांपुर और रामपुर के यात्रियों को भी सीधी सुविधा मिलेगी। वर्तमान में बरेली एयरपोर्ट से केवल इंडिगो एयरलाइंस की ही उड़ानें संचालित हो रही हैं, जो मुंबई के पुराने एयरपोर्ट (छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा) और बेंगलुरु के लिए हफ्ते में चार दिन उड़ान भरती हैं।

नवी मुंबई रूट के लि‍ए मि‍ली डीजीसीए से अनुमति‍…

एयरपोर्ट अथारिटी आफ इंडिया (एएआइ) के अधिकारियों के मुताबिक, नवी मुंबई रूट के लिए डीजीसीए (नागरिक उड्डयन महानिदेशालय) से अनुमति मिल चुकी है। इस रूट पर एयर इंडिया का एयरबस विमान उड़ान भरेगा। इससे यात्रियों को सीधा और तेज कनेक्शन मिलेगा। खासकर उन लोगों को जो नवी मुंबई या उसके आसपास के क्षेत्रों जैसे पनवेल, बेलापुर, नेरुल और वाशी में रहते या काम करते हैं।
बता दें, अब तक इंडिगो की जो उड़ानें मुंबई के लिए संचालित हो रही हैं, वे केवल पुराने एयरपोर्ट (अंधेरी स्थित) तक जाती हैं, जबकि नवी मुंबई से उसकी दूरी लगभग 40 किलोमीटर से अधिक है। इस कारण यात्रियों को वहां तक पहुंचने में अतिरिक्त समय और खर्च लगता है। नई उड़ान सेवा शुरू होने के बाद यात्रियों को सीधे नवी मुंबई पहुंचने की सुविधा मिलेगी, जिससे यात्रा का समय लगभग डेढ़ घंटे तक कम हो सकता है।
नवी मुंबई के लिए अब तक कोई उड़ान नहीं थी। इंडिगो की जो सेवाएं अभी हैं, वह अंधेरी मुंबई तक ही संचालित हो रहीं थी। नवी मुंबई एयरपोर्ट तक एयर इंडिया का एयरबस जाने से यात्रियों को काफी सुविधा होगी। उम्मीद है कि 15 नवंबर तक सेवा शुरू हो जाएगी।
– अवधेश अग्रवाल, निदेशक भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण, सिविल एन्क्लेव, बरेली

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *