बदायूॅं जनमत। हजरतपुर थाना क्षेत्र में जानलेवा हमले के मामले में नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए गई पुलिस टीम पर हमला कर दिया गया। हमले में दरोगा नवरतन सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके सिर में चोट लगी है। आरोपियों के परिजनों पर हमला करने का आरोप है। पुलिस ने सरकारी कार्य में बाधा, मारपीट, धमकी समेत विभिन्न धाराओं में सात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
पुलिस के अनुसार, जून माह में दर्ज जान से मारने की नीयत से हमले के मामले में नामजद आरोपियों की तलाश में दरोगा नवरतन सिंह पुलिस टीम के साथ गांव दियौचरी पहुंचे थे। आरोप है कि इस दौरान आरोपियों के परिजनों ने पुलिस कार्रवाई का विरोध करते हुए टीम के साथ अभद्रता शुरू कर दी। इसी बीच पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया गया, जिससे दरोगा नवरतन सिंह का सिर फूट गया। खून बहने लगा।
आरोप है कि आरोपियों के परिजनों ने पुलिस की ओर से दिया गया नोटिस फाड़ दिया और टीम को जान से मारने की धमकी दी। घटना के बाद पुलिस टीम किसी तरह मौके से निकली और घायल दरोगा का उपचार कराया गया। घायल दरोगा की तहरीर पर अजय पाल, धर्मपाल, अवनीश, रजनेश, हरपाल, शिवनीश और बंटू के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। सीओ दातागंज अशेष नाथ सिंह ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के दबिश दी जा रही है।

