बदायूॅं जनमत। सेफ फ्यूचर अभियान के अंतर्गत बुधवार को परिवहन विभाग की टीमों द्वारा स्कूल परिसर में जाकर खड़े स्कूली वाहनों का निरीक्षण किया गया। वहीं प्रवर्तन दलों द्वारा रोड पर 55 वाहन चेक किए गए, जिसमें प्रवर्तन कार्रवाई के दौरान एक एस.एस.पब्लिक स्कूल उझानी के वाहन को चेक किया गया। चेक करने पर पाया गया कि वाहन एंबुलेंस में दर्ज है उसको मॉडिफाई करके स्कूल बस में उपयोग किया जा रहा था। वर्ष 2023 से वाहन की फिटनेस, परमिट, बीमा, पॉल्यूशन, सभी प्रपत्र अपूर्ण थे। उसको परिवहन कार्यालय में सीज़ किया गया।
एआरटीओ हरिओम गौतम ने बताया कि इसमें स्कूल प्रबंधकों की घोर लापरवाही प्रदर्शित हो रही है, स्कूल के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। एक अन्य स्कूली वाहन जो फिटनेस समाप्ति था, उसको भी परिवहन कार्यालय में सीज किया गया। इसके अतिरिक्त 05 ऐसे स्कूली वाहन पाए गए जो मानक के अनुरूप नहीं थे तथा एक निजी वाहन जिसका संचालन स्कूली बच्चों के परिवहन में किया जा रहा था जिनके विरुद्ध विभाग द्वारा चालान की कार्रवाई की गई। परिवहन विभाग द्वारा फिटनेस समाप्त स्कूली वाहनों की रेड लिस्ट बनाई गई है। जिसमें बाबा इंटरनेशनल स्कूल बिल्सी की 09 गाड़ियां, ब्लूमिंगडेल स्कूल की 04, टीटी कॉन्वेंट स्कूल की 04, अल हफीज एजुकेशन एकेडमी की 02, एपीएस इंटरनेशनल स्कूल की 02, नेशनल पब्लिक स्कूल अलापुर की 02, आरवी इंटर कॉलेज वजीरगंज 02 के 02 वाहनों की फिटनेस समाप्त है। विभाग द्वारा दो बार नोटिस प्रेषित होने के बावजूद भी उनके द्वारा वाहनों के फिटनेस नहीं कराई जा रही है। सभी स्कूलों को के वाहनों का पंजीयन निलंबन एवं निरस्तीकरण की कार्रवाई की जा रही है। साथ ही दो एंबुलेंस मेडिकल कॉलेज पर बिना फिटनेस एवं बिना पंजीयन के संचालित पाई गई। उनको भी परिवहन कार्यालय में सीज किया गया।


