बदायूॅं जनमत। राजकीय मेडिकल कॉलेज के एनाटमी विभाग में गुरुवार को नगर पंचायत गुलड़िया निवासी 84 वर्षीय रघुराज सिंह पुत्र स्व. भीम सिंह ने देहदान का संकल्प लेकर समाज के सामने मानव सेवा का प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया। उन्होंने योग गुरू गिरिधारी सिंह राठौर से प्रेरित होकर देहदान का संकल्प लिया। इस अवसर पर एनाटमी विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मुकत्याज हुसैन एवं लैब टेक्नीशियन/बॉडी इंजेक्टर प्रमोद कुमार ने उनका पंजीकरण कराते हुए संकल्प पत्र भरवाया तथा उन्हें देहदान की प्रक्रिया, नियमों एवं इसके महत्व के संबंध में विस्तृत जानकारी दी।
इस दौरान राजकीय मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. शिव कुमार, डॉ. अर्शिया मसूद सिद्दीकी, विभागाध्यक्ष, कम्युनिटी मेडिसिन विभाग एवं एनाटमी विभागाध्यक्ष डॉ मुकत्याज हुसैन ने रघुराज सिंह को देहदान संकल्प का प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। प्रधानाचार्य डॉ शिव कुमार ने उनके इस सराहनीय, मानवीय एवं समाजोपयोगी कार्य की प्रशंसा करते हुए कहा कि देहदान चिकित्सा शिक्षा, अनुसंधान तथा भावी चिकित्सकों के व्यावहारिक प्रशिक्षण के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि देहदान केवल मृत्यु के बाद शरीर दान करने की प्रक्रिया नहीं, बल्कि चिकित्सा शिक्षा, अनुसंधान और मानव सेवा में अपना योगदान देने का एक महान संकल्प है।
योग गुरू गिरिधारी सिंह राठौर ने कहा कि देहदान मानव सेवा का ऐसा महान कार्य है, जिसके माध्यम से व्यक्ति मृत्यु के बाद भी समाज और चिकित्सा जगत के लिए उपयोगी बना रहता है। कार्यक्रम में डॉ. पारूल सक्सेना, सहायक आचार्य, एनाटमी विभाग, डॉ. लालेन्द्र यादव, डॉ. ऋषभ सिंह, डॉ. अर्जित आर्य, डॉ. इतिशा चौधरी, सतवीर सिंह, टिंकू कश्यप, रूबी गुप्ता, राकेश पाल, अशोक कुमार आदि उपस्थित रहे।

