राजकीय महाविद्यालय के शिक्षकों के रिसर्च को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मिली मान्यता

उत्तर प्रदेश

बदायूॅं जनमत‌। शहर के आवास विकास स्थित राजकीय महाविद्यालय के शिक्षकों द्वारा किया गया एक महत्वपूर्ण शोधकार्य अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता पाने में सफल रहा। वनस्पति विज्ञान विभाग की असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. प्रियंका सिंह और गणित विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. सचिन कुमार का शोध-पत्र प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय शोध पत्रिका कम्युनिकेशंस इन स्टैटिस्टिक्स – सिमुलेशन एंड कम्प्यूटेशन में प्रकाशन हेतु स्वीकार किया गया है। यह पत्रिका साइंस साइटेशन इंडेक्स एक्सपैंडेड (एससीआई-एक्सपैंडेड) तथा वेब ऑफ साइंस में सूचीबद्ध है, जिससे यह स्वीकृति महाविद्यालय के लिए बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।
शोध-पत्र “हाई एक्यूरेसी सॉल्यूशन ऑफ फ्रैक्शनल-ऑर्डर करप्शन डायनेमिक्स मॉडल्स यूजिंग बर्नस्टीन-वेवलेट न्यूरल नेटवर्क्स” में शोधकर्ताओं ने करप्शन डायनेमिक्स को समझने के लिए एक नवीन गणितीय तथा कम्प्यूटेशनल पद्धति प्रस्तुत की है। अध्ययन में यह दिखाया गया है कि सामाजिक और आर्थिक प्रणालियों में होने वाली प्रक्रियाओं पर न केवल वर्तमान स्थितियां, बल्कि पूर्व की स्थितियों का प्रभाव भी लंबे समय तक बना रहता है। ऐसे प्रभावों का सही गणितीय वर्णन करने के लिए शोध में फ्रैक्शनल-ऑर्डर मॉडल का उपयोग किया गया।
शोध का प्रमुख नवाचार स्टेबल बर्नस्टीन वेवलेट न्यूरल नेटवर्क (एसबीडब्ल्यूएनएन) पद्धति है, जिसमें बर्नस्टीन पॉलिनोमियल, वेवलेट विश्लेषण तथा फिजिक्स-आधारित कोलेकेशन रणनीति को एकीकृत किया गया है। इस समेकित पद्धति से जटिल करप्शन मॉडल के अधिक सटीक न्यूमेरिकल सॉल्यूशन प्राप्त किए गए। शोध में अलग-अलग फ्रैक्शनल ऑर्डर के लिए व्यापक कम्प्यूटेशनल परिक्षण किए गए और परिणामों से पता चला कि फ्रैक्शनल ऑर्डर कम होने पर पूर्व स्थितियों का प्रभाव अधिक समय तक बना रहता है तथा करप्शन की स्थिरता अवधि बढ़ जाती है।
महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. श्रद्धा गुप्ता ने डॉ. प्रियंका सिंह, डॉ. सचिन कुमार को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एससीआई-इंडेक्स्ड पत्रिका में प्रकाशन हेतु स्वीकृति मिलना महाविद्यालय के शैक्षणिक तथा शोध वातावरण के लिए गौरव की बात है और इससे अन्य शिक्षकों एवं शोधार्थियों को प्रेरणा मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *