बदायूॅं जनमत। बिसौली कोतवाली क्षेत्र में शनिवार शाम सड़क हादसा हो गया। इस्लामनगर रोड पर फतेहपुर गांव के पास तेज रफ्तार मैजिक वाहन ने दो बाइकों को टक्कर मार दी। हादसे में तीनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। इलाज के दौरान एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो सगे भाइयों की हालत गंभीर होने पर उन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया है।
उघैती थाना क्षेत्र के करनपुर गांव निवासी नमन वाल्मीकि बाइक से बिसौली की ओर आ रहे थे। इसी गांव के अरविंद शर्मा (23) और उनके भाई नीलेश भी दूसरी बाइक से आ रहे थे। फतेहपुर गांव के पास विपरीत दिशा से आ रहे मैजिक वाहन के चालक ने अचानक नियंत्रण खो दिया। वाहन ने सामने से आ रही दोनों बाइकों को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद मैजिक वाहन भी सड़क पर पलट गया।
इलाज के दौरान तोड़ा दम…
हादसे में दोनों बाइकों पर सवार नमन, अरविंद और नीलेश गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने तीनों को अस्पताल पहुंचाया। इलाज के दौरान नमन ने दम तोड़ दिया। अरविंद और नीलेश की हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया। हादसे की सूचना मिलते ही परिजन भी सीएचसी पहुंच गए।
पुलिस ने हादसे में शामिल मैजिक वाहन और दोनों बाइकों को कब्जे में ले लिया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। सीओ अंशुमान श्रीवास्तव ने बताया कि सड़क हादसे में एक युवक की मौत हुई है। मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

