बदायूं में तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार युवक का हाथ धड़ से हुआ अलग, बहन भी घायल

उत्तर प्रदेश

बदायूॅं जनमत‌। मुरादाबाद-फर्रुखाबाद हाईवे पर सखानूं पेट्रोल पंप के पास रविवार सुबह तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार भाई-बहन को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक चला रहे युवक का हाथ कटकर अलग हो गया, जबकि पीछे बैठी उसकी बहन कई मीटर दूर जा गिरी। दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक होने पर चिकित्सकों ने दोनों को बरेली हायर सेंटर रेफर कर दिया।
अलापुर थाना क्षेत्र के ग्राम गुड़हाना निवासी मुस्लिम रविवार सुबह अपनी बहन चांद तारा के साथ बाइक से बदायूं जा रहे थे। दोनों सखानूं पेट्रोल पंप के पास पहुंचे ही थे, तभी सामने से तेज गति से आ रही कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और मुस्लिम का एक हाथ कटकर अलग हो गया। वहीं बाइक पर पीछे बैठी चांद तारा उछलकर सड़क से दूर जा गिरी। हादसे के बाद हाईवे पर अफरातफरी मच गई। आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल भाई-बहन को एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने दोनों की हालत गंभीर देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद बरेली हायर सेंटर रेफर कर दिया। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने कार और चालक के संबंध में जानकारी जुटानी शुरू कर दी। हादसे की वजह तेज रफ्तार बताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार चालक की तलाश में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *