मुंबई महानगर पालिका के कर्मचारी के बेटे ने IPS प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा किया

मुंबई जनमत

सैय्यद जाहिद अली रियासत

मुंबई जनमत। नवी मुंबई के सानपाडा स्थित मिलेनियम टावर निवासी युवा ऋषिकेश नागनाथ वीर ने सरदार वल्लभभाई पटेल नेशनल पुलिस अकादमी से IPS का कठिन प्रशिक्षण पूरा किया।
आज 17 अक्टूबर (शनिवार) को ऋषिकेश वीर का दीक्षांत परेड समारोह हैदराबाद में केंद्रीय गृह सचिव गोविंद मोहन की उपस्थिति और नेशनल पुलिस अकादमी के महानिदेशक सुजित पांडे के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। इस दौरान 151 IPS अधिकारियों ने इस दीक्षांत परेड में भाग लिया। इस अवसर पर कई अधिकारियों को मेडल देकर सम्मानित भी किया गया।
ऋषिकेश की स्कूली शिक्षा राजा शिवाजी विद्यालय, दादर से और कॉलेज की शिक्षा रुईया महाविद्यालय, दादर से हुई है। उसके बाद की उच्च शिक्षा बी.टेक, बिट्स पिलानी कॉलेज, गोवा से पूरी की है। पिता (नागनाथ वीर) और चाचा (भरत वीर और चांगदेव वीर) को प्रतियोगी परीक्षाओं का अनुभव होने के कारण उन्होंने ऋषिकेश पर कोई दबाव नहीं डाला, बल्कि कहा कि अगर अपनी इच्छा से करना है तो बहुत मेहनत करनी पड़ेगी। ऋषिकेश ने इसके लिए हामी भरी और 3-4 साल तक अथक मेहनत करके आखिरकार 2024-2025 में UPSC द्वारा ली गई परीक्षा में पूरे देश में 556वीं रैंक हासिल की। उसके बाद निरंतर कठोर परिश्रम करके प्रशिक्षण पूरा किया और इस तरह ऋषिकेश वीर ने अपना IPS बनने का सपना पूरा किया।
ऋषिकेश वीर की पृष्ठभूमि मध्यमवर्गीय ही है। माँ सायन अस्पताल में नर्स के तौर पर और पिता बेस्ट (BEST) में मैकेनिक के पद पर कार्यरत हैं। चाचा – भरत वीर व चांगदेव वीर, बहन- शीतल वीर और भाई- शुभम वीर उच्च शिक्षित होने के कारण घर में हमेशा पढ़ाई का ही माहौल रहता था। पढ़ाई की सही योजना और अपने सपने के प्रति लगन के कारण ही ऋषिकेश ने यह सफलता हासिल की है।
इसी साल ऋषिकेश का UPSC की वन विभाग की परीक्षा में भी 81वीं रैंक पर चयन हुआ था, लेकिन ऋषिकेश ने वन विभाग की सेवा स्वीकार न करते हुए भारतीय पुलिस सेवा में रहकर देश सेवा करने का निर्णय लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *