बदायूं में हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से मजदूर की मौत, छत की तराई करते समय हुआ हादसा

उत्तर प्रदेश

बदायूॅं जनमत‌। उसावां कस्बे के वार्ड दस में बुधवार दोपहर हाईटेंशन विद्युत लाइन की चपेट में आने से मजदूर की मौत हो गई। वह अकबरपुर रोड स्थित नवनिर्मित दुकानों के पीछे बने गोदाम की छत पर तराई कर रहे थे। इसी दौरान छत के ऊपर से गुजर रही विद्युत लाइन की चपेट में आ गए थे। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। परिजनों ने काफी देर तक हंगामा किया। पुलिस ने परिजनों को समझाकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतक के छोटे भाई ने गोदाम मालिक पिता-पुत्र के खिलाफ पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
उसावां नगर पंचायत के वार्ड तीन निवासी विनोद कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि बुधवार सुबह करीब आठ बजे उनके बड़े भाई प्रमोद कुमार को गांव के ही कोटेदार हरिराम गुप्ता और उनका बेटा रामनरायण गुप्ता काम कराने के लिए अकबरपुर रोड स्थित अपने गोदाम पर ले गए थे। आरोप है कि गोदाम मालिकों ने प्रमोद को छत पर चढ़कर सबमर्सिबल के पाइप से तराई करने के लिए कहा था। प्रमोद छत पर पानी से तराई कर रहे थे।

हादसे के बाद छोड़कर चले गए गोदाम मालिक…

इसी दौरान छत के ऊपर से गुजर रही 33 केवीए की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर वह गंभीर रूप से झुलस गए। मौके पर ही उनकी मौत हो गई। भाई ने आरोप लगाया कि हादसे के बाद गोदाम मालिक पिता-पुत्र उन्हें मौके पर छोड़कर चले गए थे। सूचना मिलने पर विनोद कुमार, उनकी पत्नी रिंकी और अन्य लोग पहुंचे तो प्रमोद का शव छत पर पड़ा मिला। सूचना मिलते ही परिजन और महिलाएं मौके पर पहुंच गईं। परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी होने तक शव को वहां से नहीं ले जाने दिया। करीब दो घंटे तक दुकानों के पास शव रखकर हंगामा किया।

चार थानों का फोर्स तैनात…

स्थिति को देखते हुए अलापुर, हजरतपुर, उसहैत और कादरचौक थानों की पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। थानाध्यक्ष राजेंद्र सिंह ने परिजनों को समझा बुझाकर शांत कराया। इसके बाद पुलिस शव को एंबुलेंस से म्याऊं पीएचसी ले गई। उसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतक के छोटे भाई विनोद कुमार की पत्नी रिंकी के अनुसार, प्रमोद कुमार लंबे समय से हरीराम गुप्ता के यहां काम करते थे। कोटेदारी समेत अन्य कार्यों में भी हाथ बंटाते थे।

मृतक का फाइल फोटो और घटनास्थल पर विलाप करते परिजन : जनमत एक्सप्रेस।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *