बदायूॅं जनमत। शहर के जामा मस्जिद फीडर से पोषित सोथा मोहल्ला में शनिवार को पावर कारपोरेशन ने स्मार्ट मीटर लगाने का व्यापक और सघन अभियान चलाया। अधीक्षण अभियंता चंद्रशेखर के नेतृत्व में कुल 30 टीमें एक साथ इलाके में उतारी गईं, जिन्होंने घर-घर पहुंचकर स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया शुरू की। इस दौरान पूरे क्षेत्र में प्रशासनिक सतर्कता भी बनाए रखी गई।
अभियान की शुरुआत के साथ ही कुछ उपभोक्ताओं ने स्मार्ट मीटर को लेकर आपत्ति जताई और आशंकाएं जाहिर कीं। हालांकि अधिकारियों ने धैर्य और तथ्यों के साथ उपभोक्ताओं को समझाया। अफसरों ने बताया कि स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं के लिए पारदर्शिता का माध्यम है, जिसके जरिए वे स्वयं यह देख सकेंगे कि उन्होंने कितनी बिजली की खपत की है। इसके साथ ही हर माह की पहली तारीख को स्वतः बिजली बिल जनरेट होगा, जिससे रीडिंग में गड़बड़ी, अनुमानित बिल और अनावश्यक शिकायतों की गुंजाइश समाप्त हो जाएगी।
अधिकारियों की समझाइश और भरोसे के बाद उपभोक्ताओं का विरोध धीरे-धीरे शांत हो गया और वे स्मार्ट मीटर लगवाने के लिए सहमत हो गए। अधीक्षण अभियंता ने बताया कि जामा मस्जिद फीडर क्षेत्र में बिजली की खपत अपेक्षाकृत अधिक है, जबकि उसके अनुपात में राजस्व काफी कम प्राप्त हो रहा है। इसी कारण विभाग को यह अभियान चलाने की जरूरत पड़ी है।
जामा मस्जिद फीडर पर अधिक खपत और कम राजस्व बना वजह
बताया गया कि 18 जनवरी तक पूरे सोथा मोहल्ला में विशेष अभियान चलाकर सभी कनेक्शनों पर स्मार्ट मीटर लगाए जाएंगे, ताकि वास्तविक खपत के अनुसार बिलिंग सुनिश्चित की जा सके। स्पष्ट शब्दों में कहा कि निर्धारित समय सीमा के भीतर स्मार्ट मीटर न लगवाने की स्थिति में डिस्कनेक्शन की कार्रवाई भी की जाएगी। अभियान के दौरान अधिशासी अभियंता संजीव कुमार और एसडीओ सुमित कुमार मौके पर मौजूद रहे और पूरी प्रक्रिया की निगरानी करते रहे। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि स्मार्ट मीटर व्यवस्था से न केवल विभागीय राजस्व में सुधार होगा, बल्कि उपभोक्ताओं को भी सही और समय पर बिल मिलने का लाभ मिलेगा।

