भाजपा में मची भगदड़; बदायूं में कुशाग्र सागर के बाद सिनोद शाक्य भी हो सकते हैं सपा में शामिल, दातागंज से होंगे दावेदार

राजनीति

एस• शाहिद अली !!

बदायूॅं जनमत‌। यूपी में विधानसभा चुनाव का समय करीब आता जा रहा हैं। ऐसे में नेताओं का दल बदलने का सिलसिला भी शुरू हो चुका है। लंबे समय से सत्ता की मलाई खा रहे नेता अपना भविष्य सैट करने की जुगत में लगे हैं। उत्तर प्रदेश में बड़ी संख्या में भाजपा के नेता पार्टी छोड़कर समाजवादी पार्टी में शामिल हो रहे हैं। हाल ही में सपा प्रमुख अखिलेश यादव का एक बयान काफी वायरल हुआ है। जिसमें वह कहते दिखाई दे रहे हैं कि “भाजपा के बहुत सारे नेता उनके संपर्क में हैं लेकिन सबको मैनेज करना मुश्किल है।”
उधर अखिलेश यादव भी इस बार सत्ता हथियाने में कोई कसर बाकी नहीं रखना चाहते। उन्होंने स्पष्ट कहा है कि उनकी पार्टी हर सीट पर सर्वे के आधार पर जिताऊ प्रत्याशी को ही टिकिट देगी। अखिलेश यादव अपने विधायकों का भी सर्वे करा रहे हैं, अगर सर्वे में कोई विधायक हारता दिखाई देगा तो टिकिट निश्चित रूप से काटा जाएगा। वहीं उत्तर प्रदेश की कई सीटें ऐसी भी हैं जहां सपा के दो गुट होने के कारण लंबे समय से भाजपा या अन्य दल आसानी से जीत हासिल कर लेते हैं।
बात बदायूं जिले की दातागंज विधानसभा की करें तो यहां भी सपा के दो गुट होने के कारण 2002 के बाद समाजवादी पार्टी का विधायक नहीं बन सका। यहां से सपा के आखिरी विधायक प्रेमपाल सिंह यादव रहे हैं। इसके बाद दो बार बहुजन समाज पार्टी और दो बार भाजपा की जीत हो चुकी है। चर्चा है कि इस सीट पर अखिलेश यादव गुटबाजी को खत्म करने के लिए तीसरे नेता की एंट्री कराने जा रहे हैं। राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि बहुजन समाज पार्टी से दो बार विधायक रहे सिनोद कुमार शाक्य उर्फ दीपू भैया बहुत जल्द समाजवादी पार्टी में शामिल होने जा रहे हैं।
अगर सिनोद कुमार शाक्य समाजवादी पार्टी में शामिल होते हैं और पार्टी उन्हें दातागंज विधानसभा से टिकिट देती है तो सपा के लिए इस बार सुनहरा अवसर साबित होगा। वहीं इस सीट पर जातिगत आंकड़ों की बात करें तो यहां मुस्लिम मतदाता लगभग 95 हजार, यादव मतदाता लगभग 75 हजार, शाक्य / मौर्य (कुशवाहा) मतदाता लगभग 75 हजार है। तीनों जाति के मतदाता करीब 2 लाख 45 हजार है।

कौन हैं सिनोद कुमार शाक्य…

सिनोद कुमार शाक्‍य, मूलरूप से बदायूं जिले के कस्बा अलापुर के निवासी हैं। जिन्हें दीपू भैया के नाम से भी जाना जाता है, दातागंज विधानसभा से दो बार विधायक रह चुके हैं। इन्होंने 2007 व 2012 में बहुजन समाज पार्टी के प्रत्याशी के रूप में दातागंज विधानसभा से चुनाव जीता। 2022 के विधानसभा चुनाव में ये भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गये थे।

सिनोद कुमार शाक्य, पूर्व विधायक (फाइल फोटो) : जनमत एक्सप्रेस। 9997667313

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *