दुकानदार के खाते से 1.11 लाख रुपये ट्रांसफर करने का आरोप, सिपाही समेत तीन पर केस दर्ज

उत्तर प्रदेश

बदायूॅं जनमत‌। दातागंज थाना क्षेत्र में एक दुकानदार के बैंक खाते से 1.11 लाख रुपये धोखाधड़ी कर ट्रांसफर करने का मामला सामने आया है। दुकानदार ने अपनी दुकान पर काम करने वाले नौकर पर मोबाइल का कोड देखकर रुपये निकालने का आरोप लगाया है। मामले में अदालत के आदेश पर पुलिस ने दातागंज थाने में तैनात सिपाही राहुल समेत तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
दातागंज के छोटा परा वार्ड नंबर तीन निवासी दुकानदार विपिन के मुताबिक, उनकी परचूनी की दुकान पर करन नामक युवक काम करता था। आरोप है कि करन ने धोखे से उनके मोबाइल का कोड देख लिया। इसके बाद उसने अलग-अलग तारीखों में उनके खाते से कुल 1,11,500 रुपये अपने मौसेरे भाई अतुल के बैंक खाते में ट्रांसफर कर दिए।
विपिन का आरोप है कि जब उन्हें खाते से रुपये ट्रांसफर होने की जानकारी हुई तो उन्होंने आरोपियों से अपनी रकम वापस मांगी। इस पर आरोपी कथित तौर पर मारपीट करने पर उतारू हो गए। इसके बाद उन्होंने दातागंज थाने पहुंचकर शिकायत की।
दुकानदार ने आरोप लगाया कि थाने में तैनात सिपाही राहुल ने दोनों पक्षों को बुलाकर कथित तौर पर आर्थिक समझौता करा दिया, लेकिन न तो उनकी रकम वापस कराई गई और न ही शिकायत दर्ज की गई। इसके बाद उन्होंने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) से भी शिकायत की, लेकिन वहां से भी कोई कार्रवाई नहीं हुई।
आखिरकार दुकानदार ने अदालत का दरवाजा खटखटाया। अदालत के आदेश पर पुलिस ने सिपाही राहुल, छोटा परा वार्ड नंबर तीन निवासी करन और मूसाझाग थाना क्षेत्र के मझारा गांव निवासी अतुल के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *