बदायूँ जनमत। बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से उत्तर प्रदेश विधान परिषद के द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 का मतदान शुक्रवार को जनपद में शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। डीएम अवनीश राय एवं एसएसपी अंकिता शर्मा ने नगर पालिका परिषद तथा बिल्सी में स्थापित मतदेय स्थलों का निरीक्षण कर मतदान व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान डीएम-एसएसपी ने मतदान केंद्रों पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था, मतदान प्रक्रिया तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से मतदान के संबंध में जानकारी प्राप्त की और निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुरूप मतदान प्रक्रिया संपन्न कराने पर जोर दिया।
बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन में कुल 3,935 मतदाताओं के सापेक्ष प्रातः 10 बजे तक 569 मत पड़े, जो 16.49 प्रतिशत मतदान रहा। मध्याह्न 12 बजे तक 1,420 मत पड़ने के साथ मतदान प्रतिशत 36.09 रहा। अपराह्न 2 बजे तक 2,119 मत पड़े, जिससे मतदान प्रतिशत 53.85 हो गया। मतदान समाप्ति तक कुल 2,781 मत पड़े और इस प्रकार कुल 70.67 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
मतदान समाप्ति के पश्चात सभी 10 मतदेय स्थलों की सीलबंद मतपेटिकाएं प्राप्त कर ली गई हैं। इन सभी मतपेटिकाओं को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था एवं पुलिस बल की निगरानी में बरेली स्थित स्ट्रांग रूम में भेज दिया गया है। मतपेटिकाएं 27 अक्टूबर तक कड़ी सुरक्षा व्यवस्था में सुरक्षित रखी जाएंगी। मतगणना 27 अक्टूबर को बरेली में संपन्न होगी।



