बदायूॅं जनमत। आगामी त्योहारों के दृष्टिगत जनपद में शांति, सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अवनीश कुमार एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा द्वारा उझानी एवं बदायूं नगर के प्रमुख बाजारों, सर्राफा बाजारों तथा अन्य भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पैदल मार्च किया गया।
इस दौरान उझानी एवं बदायूं नगर के पटाखा बाजारों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। संबंधित अधिकारियों को पटाखा बाजारों में निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित कराने, अग्निशमन व्यवस्था दुरुस्त रखने तथा आमजन की सुरक्षा को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए।
साथ ही बाजारों में यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने एवं त्योहारों के दौरान शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।



