बदायूॅं जनमत। मंगलवार शाम सड़क हादसे में बाइक से गिरकर एक महिला की मौत हो गई। महिला अपने जेठ के बेटे के साथ म्याऊं की साप्ताहिक बाजार से खरीदारी कर घर लौट रही थी। रास्ते में नगला गांव के मोड़ के पास दूसरी बाइक की टक्कर लगने से वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई।
उसहैत थाना क्षेत्र के कुंवरगांव निवासी रेखा (40 वर्ष) पत्नी राकेश अपने जेठ के बेटे सुहेल (24 वर्ष) के साथ बाइक से म्याऊं की साप्ताहिक बाजार गई थी। शाम करीब पांच बजे दोनों बाजार से घर लौट रहे थे। इसी दौरान शाहपुर गांव से आगे नगला गांव के मोड़ के पास पीछे से आ रहे एक बाइक सवार ने उनकी बाइक को ओवरटेक किया और गांव की ओर बाइक मोड़ दी।
इस दौरान सुहेल की बाइक का अगला हिस्सा दूसरी बाइक से टकरा गया। टक्कर लगते ही पीछे बैठी रेखा सड़क पर गिर गई। सुहेल ने करीब 15 मीटर आगे बाइक रोककर उन्हें उठाया और निजी वाहन से म्याऊं स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचा। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद रेखा को मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया।


