यूपी विधानसभा चुनाव; सपा ने पांच सीटों पर घोषित किए प्रत्याशी, कैराना से नाहिद हसन उम्मीदवार, देखें सूची…

राजनीति

यूपी जनमत। समाजवादी पार्टी ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 के लिए पांच प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी है। पार्टी की ओर से जारी इस सूची में पश्चिमी उत्तर प्रदेश और बुंदेलखंड की सीटों पर उम्मीदवारों के नाम घोषित किए गए हैं। इसमें ‘होगा पीडीए के नाम अबकी एकजुट मतदान’ का नारा दिया गया है। जारी सूची के अनुसार घोषित प्रत्याशी और उनके विधानसभा क्षेत्र निम्नलिखित हैं…
बेहट (01), सहारनपुर: उमर अली खान।
सहारनपुर (04), सहारनपुरः आशु मलिक।
कैराना (08), शामलीः नाहिद हसन।
अमरोहा (41), अमरोहा: महबूब अली।
ललितपुर (226), ललितपुरः ज्योति लोधी।
24 नवंबर 2026 को जारी इस पत्र में पार्टी नेतृत्व के हस्ताक्षर भी अंकित हैं। सूची में सहारनपुर जिले की दो सीटों समेत शामली, अमरोहा और ललितपुर की एक-एक विधानसभा सीट पर उम्मीदवार उतारे गए हैं।
पांच सीटों पर प्रत्याशियों की घोषणा से पहले अखिलेश यादव ने एक्स पर बयान जारी कर कहा कि इस बार एक ऐतिहासिक अवसर है जब हम दोनों पंथनिरपेक्ष पार्टियां मिलकर साम्प्रदायिक भाजपा और उनके संकीर्ण सोच के साथियों को हमेशा के लिए हराकर, देश को गलत हाथों में जाकर बर्बाद होने से बचा सकते हैं।
हम चाहते हैं कि आप और हम जन-अपेक्षाओं व वास्तविकताओं को समझकर गंभीर विचार-विमर्श करें जिससे अधिकांश सीटों पर अपने ‘गठबंधन’ की जीत सुनिश्चित हो। जितनी सीटें आप-हम लड़ें उनमें हमारी जीत की सीटें, न जीत पाने वाली सीटों से अधिक हों। जीत ही बंटवारे को सम्मानजनक बनाएगी क्योंकि जीती हुई सीट ही सम्मान दिलाएगी।
अतः आपकी टीम की तरफ़ से प्राथमिकता के आधार पर दी गई सीटों में से जिन 26 सीटों पर आज बात हो गई है, उनके अतिरिक्त अन्य सभी संभावित सीटें चिह्नित करके हमें भेज दें। फिर मिल बैठकर देखेंगे कि कौन सी सीट और उस पर कौन सा कैंडिडेट जीतने की पोजिशन में है। हो सकता है कि हम अपने आंकलन और जीत के गणितीय समीकरण के आधार पर कांग्रेस को ऐसी कई जीतनेवाली सीटों के बारे में भी बताएं जिन पर उन्होंने किसी कारणवश विचार ही नहीं किया है।
हमारी कोशिश तो ये है कि जब बड़े नेता बैठें तो सभी सीटों पर ‘इंडिया गठबंधन’ के प्रत्याशी के रूप में बात हो, न कि कांग्रेस या सपा के प्रत्याशी के रूप में और सबसे अच्छी और सकारात्मक परिणाम देने वाली बात तो ये होगी कि हम लोग अपने प्रत्याशी को ‘पीडीए प्रत्याशी’ के रूप में प्रस्तुत करें।
अखिलेश यादव ने आगे कहा कि जिस प्रकार लोकसभा में आपके संगठन ने ‘पीडीए’ के साथ पूरी तरह सहयोग किया वो सदैव सराहनीय रहेगा क्योंकि उसने ही मिलकर साम्प्रदायिक भाजपा को धूल चटाई थी अब इस बार भी हम लोग मिलकर उप्र में और फिर केंद्र में भी भाजपा को हराएंगे। ज़मीनी सर्वेक्षणों से ये बात साफ़ हो गई है कि हर शहर, मोहल्ले, गली व गाँव तक ये बात पहुँच गई है कि जो पीड़ित है, वो पीडीए है। इसीलिए पूरे प्रदेश के हर समाज, हर वर्ग के ‘पीडित, दुखी, अपमानित’ भाजपा के ख़िलाफ़ लामबंद हो गये हैं क्योंकि उन सबको ये विश्वास है कि ‘पीडीए ही एनडीए को हराएगा’ और पीडीए ही परिवर्तन लायेगा।
सच तो ये है कि हम नहीं चाहते हैं कि सीट का बंटवारा हमारे-तुम्हारे के भाव से हो, हम तो इसे बंटवारा नहीं, ‘सीट समायोजन’ कहना चाहते हैं। कठिन समीकरणवाली सीटों पर हम मिलकर कम-से-कम दो प्रत्याशियों पर विचार-विमर्श करके जिसकी अधिक संभावना दिखेगी उसे चुनकर मिलजुल के जिताएंगे। हम नहीं चाहते हैं कि गठबंधन में एक-दूसरे पर उम्मीदवार थोपे जाएं बल्कि सहमति से तय किये जाएं, तब ही आपके-हमारे वोट आपस में ट्रांसफ़र होकर हम लोगों की जीत को सुनिश्चित करेंगे और कल को हम मिलकर कह सकेंगे कि हम लोगों ने तो पहले ही कहा था।
आपका-हमारा सबसे बड़ा लक्ष्य सरकार बनाना है। नये हालातों और समीकरण में उसके लिए हमें आपको कुछ लोगों को एडजस्ट और एकमोडेट करना पड़ेगा। एक-दो लोग ऐसे भी होंगे जिनसे आपने और हमने चुनाव लड़ाने का वादा किया होगा लेकिन वास्तविक परिस्थितियों को देखते हुए दो-चार सीटों पर बदलाव भी करने पड़ेंगे। भावी प्रत्याशियों को भी ये समझना होगा कि हर सीट महत्वपूर्ण है, अगर किसी को सीट नहीं मिल पा रही है या मनचाही सीट नहीं मिल रही है तो निराश न हों, अगर उनके दल के बड़े नेता ने कुछ फेरबदल या बदलाव किया है तो उसके पीछे सोच सरकार बनाने की है और सरकार बन गई तो सबको सम्मान-स्थान मिल जाएगा। हर बड़ा नेता अपनी बात का मान ख़ुद रखेगा, इतना विश्वास तो अपने नेताओं पर लोगों को रखना ही पड़ेगा।
इस तरह जो चुनाव लड़ा जाएगा उसमें आपका-हमारा संगठन मिलकर कहेगा कि हम दोनों के मिलने से हमारी तैयारी 806 सीटों के बराबर की है। देश की जनता ख़ासतौर से किसान, मजदूर, युवा, मध्यम वर्ग, महिलाएँ, छोटे से लेकर बड़ा व्यापारी, सच्चे अधिकारी, कर्मचारी और संपूर्ण प्रगतिशील-पंथनिरपेक्ष व उत्पीड़ित ‘पीडीए समाज’ आपकी और हमारी तरफ़ बड़ी उम्मीद से देख रहा है। आपसी समायोजन से कोई भूल किये बिना हम देश का नया इतिहास लिखने के कगार पर हैं। हम सौहार्द और सूझबूझ से ये कर भी दिखाएंगे, इसी आशा के साथ आप-हम ‘सीट की जगह जीत के समीकरण’ पर विचार करें, जिससे हम जीतें और उप्र में अपनी सरकार आए और फिर दिल्ली में भी और देश का भविष्य सँवारने में हम लोगों का योगदान हमेशा के लिए सुनहरे अक्षरों में दर्ज हो जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *