बदायूं में सफाई कर्मी की मौत पर परिजनों का फूटा आक्रोश, थाने के सामने अस्थि कलश रखकर प्रदर्शन

उत्तर प्रदेश

बदायूॅं जनमत‌। बदायूं में सफाई कर्मी सोनू की मौत के मामले में बुधवार को परिजनों ने विरोध प्रदर्शन किया। मृतक की मां और पत्नी समेत परिवार की कई महिलाएं सिविल लाइंस थाने पहुंची और थाने का घेराव कर विरोध जताया। महिलाओं ने जिम संचालक और उसके साथियों पर सोनू की हत्या का आरोप लगाते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने उनसे दो दिन का समय मांगा। इसके बाद महिलाएं धरना प्रदर्शन समाप्त कर चली गई।
सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के नेकपुर निवासी सोनू (22 वर्ष) नगर पालिका में सफाईकर्मी थे। परिजनों का आरोप है कि 18 नंवबर को जिम में जिम संचालक और उसके साथियों ने सोनू के साथ मारपीट की थी। सोनू के सिर पर लोहे की रॉड से हमला किया गया। इसके बाद सोनू वहां से चला गया। रात करीब 10 बजे बरेली-मथुरा हाईवे पर आरिफपुर नवादा के पास उसका शव पड़ा मिला। मौके पर बाइक भी पड़ी थी।
परिजनों ने जिम में हुई मारपीट को सोनू की मौत की वजह बताते हुए हत्या का आरोप लगाया था। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में शरीर पर चोटों के निशान मिलने की बात भी सामने आई थी। मृतक की मां शंकुतला की तहरीर पर पुलिस ने जिम संचालक समेत दो नामजद और अन्य के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की धारा में केस दर्ज किया था।
बुधवार को मृतक की मां, पत्नी और परिवार की अन्य महिलाओं ने थाने पहुंचकर पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की। मृतक की पत्नी ने थाने के सामने अस्थि कलश रख दिया। महिलाओं का कलश रख कहना था कि सोनू की मौत के मामले में दोषियों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। सीओ सिटी सुमेध मिलिंद जाधव ने बताया कि मामले में रिपोर्ट दर्ज है। मामले की जांच कराई जा रही है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।

सिविल लाइंस थाने के सामने अस्थी कलश रखकर प्रदर्शन करते मृतक के परिजन : जनमत एक्सप्रेस।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *