बदायूँ जनमत। होपयूनिटी हेल्पिंग वेलफेयर फाउंडेशन के तत्वावधान में महर्षि विद्या मंदिर सीनियर सेकेंडरी स्कूल में संविधान दिवस के अवसर पर जनगणना जनजागरूकता एवं संविधान जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम विद्यालय के प्रधानाचार्य के दिशा-निर्देशन में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के कार्यवाहक प्रधानाचार्य अशोक शर्मा ने किया। कार्यक्रम का संचालन रविंद्र प्रताप सिंह ने किया। इस अवसर पर विद्यालय की वरिष्ठ शिक्षिका ने संस्था के पदाधिकारियों का स्वागत एवं आभार व्यक्त किया।
कार्यशाला में डॉ. कृष्णा सिंह ने विद्यार्थियों को जनगणना के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि जनगणना देश के विकास, योजनाओं के निर्माण और संसाधनों के उचित वितरण का महत्वपूर्ण आधार है। उन्होंने कहा कि जनगणना केवल सरकारी प्रक्रिया नहीं, बल्कि हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। प्रत्येक नागरिक को इसके प्रति जागरूक रहना चाहिए तथा अपने आसपास के लोगों को भी जनगणना में सहयोग के लिए प्रेरित करना चाहिए।
इसके साथ ही उन्होंने संविधान दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को भारतीय संविधान की प्रस्तावना की शपथ दिलाई तथा मौलिक अधिकारों, मौलिक कर्तव्यों और राज्य के नीति निर्देशक तत्वों की जानकारी दी। तथा प्रतिभा की छात्रों को संस्था द्वारा सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के कार्यवाहक प्रधानाचार्य अशोक शर्मा, वरिष्ठ शिक्षक रविंद्र प्रताप सिंह, मंजू सक्सेना, श्वेता सहित अन्य शिक्षक उपस्थित रहे। कार्यक्रम को सफल बनाने में संस्था के स्वयंसेवक सुमन पाल, कुमकुम, आकाश एवं संजय कुमार का विशेष योगदान रहा। अंत में सभी विद्यार्थियों ने संविधान के मूल्यों का सम्मान करने तथा राष्ट्रीय जनगणना के प्रति समाज में जागरूकता फैलाने और इसमें सक्रिय सहयोग करने का संकल्प लिया।

