गंगा एक्सप्रेस-वे पर एक और हादसा; टायर फटने से पलटी डबल डेकर बस, एक यात्री की मौत, 20 घायल

उत्तर प्रदेश

बदायूॅं जनमत‌। जिले में रविवार को गंगा एक्सप्रेसवे पर एक और हादसा हो गया। पहला हादसा बिसौली क्षेत्र में हुआ था, अब दूसरा हादसा मूसाझाग थाना क्षेत्र में हुआ है। गुजरात जा रही एक डबल डेकर बस का टायर फटने से अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसा इतना भयानक था कि बस के नीचे तीन दर्जन से अधिक यात्री दब गए। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग मदद के लिए दौड़ पड़े।
यात्रियों से भरी डबल डेकर बस फतेहपुर जिले के खागा क्षेत्र से गुजरात के लिए रवाना हुई थी। रास्ते में अचानक बस का टायर फट गया, जिससे चालक बस पर नियंत्रण नहीं रख सका और बस पलट गई। हादसे की सूचना मिलते ही कई थानों की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गई। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। बस के अंदर फंसे यात्रियों को बड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। कई यात्री गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। घटना की गंभीरता को देखते हुए डीएम-एसएसपी भी मौके पर पहुंचे और राहत कार्य का जायजा लिया। प्रशासन ने तुरंत एंबुलेंस की व्यवस्था कर घायलों को जिला अस्पताल और राजकीय मेडिकल कॉलेज भेजना शुरू कर दिया।

प्रशासन ने की एक युवक की मौत की पुष्टि…

हादसे में अब तक एक युवक की मौत की पुष्टि हुई है। मृतक की पहचान अनुज (24) पुत्र श्यामलाल निवासी छिवलहा जिला फतेहपुर के रूप में हुई है। प्रशासन का कहना है कि घायलों का इलाज जारी है और मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता है। फिलहाल घायलों को बेहतर उपचार दिया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *