वजीरगंज में तमंचे के बल पर लूट; ससुराल से लौट रहे युवक की बाइक और मोबाइल लूटा

अपराध

बदायूॅं जनमत‌। जिले में लूट की एक और वारदात सामने आई है। वजीरगंज थाना क्षेत्र में बिल्सी रोड पर क्यौली मढ़ी के पास शनिवार देर रात तीन बाइक सवार बदमाशों ने एक युवक को तमंचे के बल पर रोककर उसकी बाइक और मोबाइल लूट लिया।
पीड़ित लोकेश बाबू ग्राम वैरमई बुजुर्ग थाना बिल्सी के निवासी हैं। उन्होंने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह शनिवार रात करीब 10 बजे अपनी ससुराल कटसरी (थाना आंवला) से अपने गांव लौट रहे थे। उनके साथ गांव के ताऊ राम बाबू भी मौजूद थे। दोनों अपनी TVS बाइक से वजीरगंज होते हुए बिल्सी रोड पर जा रहे थे।
लोकेश बाबू के अनुसार, क्यौली मढ़ी से लगभग आधा किलोमीटर पहले पीछे से एक बाइक पर सवार तीन बदमाश तेजी से आए। उन्होंने लोकेश की बाइक के आगे अपनी बाइक लगाकर रास्ता रोक लिया। इससे पहले कि वे कुछ समझ पाते, दो बदमाश नीचे उतरे और तमंचा तान दिया। बदमाशों ने जान से मारने की धमकी देते हुए लोकेश बाबू की बाइक और ओप्पो रेनो-10 मोबाइल फोन छीन लिया, जिसमें उनका सिम भी लगा था। घटना के बाद पीड़ित किसी तरह पास की मढ़ी तक पहुंचे, जहां से फोन लेकर डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के इलाके में तलाशी अभियान चलाया, लेकिन बदमाशों का कोई सुराग नहीं मिल सका। पुलिस ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और बदमाशों की तलाश की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *