बदायूं में अंतिम संस्कार में आया युवक रामगंगा में डूबा, नहाते समय गहरे पानी में जाने से हुआ हादसा

उत्तर प्रदेश

बदायूॅं जनमत‌। रविवार सुबह एक युवक की रामगंगा नदी में डूबने से मौत हो गई। युवक अपने एक रिश्तेदार के अंतिम संस्कार में शामिल होने आया था और उसके बाद नदी में नहाते समय यह हादसा हुआ। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान उसावां थाना क्षेत्र के नगरिया गांव निवासी रानू सक्सेना (32) पुत्र सर्वेश सक्सेना के रूप में हुई है। रानू हजरतपुर इलाके में अपने एक रिश्तेदार के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए आया था। अंतिम संस्कार के बाद, गांव के अन्य लोगों के साथ वह भी रामगंगा नदी में नहाने गया था। नहाते समय रानू गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। आसपास मौजूद लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन वे सफल नहीं हो सके। सूचना मिलने पर गांव के कुछ गोताखोरों ने नदी में उतरकर तलाश शुरू की। लगभग आधे घंटे की मशक्कत के बाद रानू को नदी से बाहर निकाला जा सका।
रानू को तुरंत सीएचसी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर मिलते ही युवक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *