परिसीमन के बाद 543 से बढ़कर 816 होंगी लोकसभा की सीटें, यूपी सबसे आगे, देखिए सभी सीटें…

राष्ट्रीय

नई दिल्ली जनमत। केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने शनिवार को सोशल मीडिया पर एक खास इन्फोग्राफिक साझा किया। इसमें उन्होंने बताया कि नए परिसीमन के बाद देश की लोकसभा कैसी दिखेगी। केंद्र सरकार के इस प्रस्ताव के तहत लोकसभा की कुल सीटें 50 फीसदी बढ़कर मौजूदा 543 से 816 हो जाएंगी।
मेघवाल ने बताया कि केंद्रीय कैबिनेट द्वारा परिसीमन संशोधन विधेयक को दी गई मंजूरी 2029 के लोकसभा चुनावों में महिलाओं को 33 फीसदी आरक्षण देने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है।

किस राज्य में कितनी बढ़ेंगी लोकसभा सीटें..?

केंद्रीय मंत्री की तरफ से दी गई जानकारी के अनुसार, इस नए फॉर्मूले के तहत लगभग सभी राज्यों की सीटों में 50 फीसदी तक का इजाफा होगा। उत्तर प्रदेश 120 सीटों के साथ देश में सबसे आगे रहेगा।

पूर्वोत्तर और केंद्र शासित प्रदेशों की क्या होगी स्थिति..?

परिसीमन के बाद छोटे राज्यों का प्रतिनिधित्व भी बढ़ेगा। अरुणाचल प्रदेश, मणिपुर, मेघालय और त्रिपुरा की सीटें 2 से बढ़कर 3-3 हो जाएंगी। वहीं नागालैंड, मिजोरम और सिक्किम में 1 की जगह 2-2 सीटें होंगी।

अन्य केंद्र शासित प्रदेश की कैसी होगी स्थिती..?

बात अब केंद्र शासित प्रदेशों की करें तो चंडीगढ़ और पुडुचेरी की सीटें 1 से बढ़कर 2-2 हो जाएंगी। हालांकि लद्दाख, लक्षद्वीप, दादरा और नगर हवेली तथा दमन और दीव और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह की सीटों में कोई बदलाव नहीं होगा।

क्या है नया परिसीमन बिल और इसका फॉर्मूला..?

गौरतलब है कि इस विधेयक के जरिए कानून में संशोधन कर लोकसभा की सीटों में 50% की बढ़ोतरी की जा रही है और सदन की अधिकतम क्षमता को बढ़ाकर 850 करने का प्रावधान है।
अहम बात यह है कि संसदीय क्षेत्रों की सीमाएं 2011 की जनगणना के आधार पर नए सिरे से तय की जाएंगी, लेकिन 2051 तक सभी राज्यों की सीटों का आपसी अनुपात 1971 की जनसंख्या के हिसाब से ही सुरक्षित रखा जाएगा। इसकी वजह है कि किसी राज्य को आबादी नियंत्रण का नुकसान न हो।

महिला आरक्षण का रास्ता साफ…

इसके अलावा इस पूरी कवायद का मुख्य मकसद 2029 के आम चुनावों से पहले लोकसभा और राज्यों की विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33% आरक्षण लागू करना है। मेघवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि यह केवल एक कानूनी सुधार नहीं है, बल्कि समावेशी लोकतंत्र और राष्ट्र निर्माण में ‘नारी शक्ति’ को उसका हक दिलाने का एक निर्णायक संकल्प है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *