बदायूँ जनमत। बीती रात एक युवक को कार ने टक्कर मारी दी। फिर शख्स गाड़ी में फंस गया और लगभग तीन किलोमीटर तक घिसटता चला गया। ड्राइवर कार को सुनसान जगह पर छोड़कर फरार हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने कार के पिछले दोनों पहिये खोलकर शव को निकाला। हादसा रात करीब साढ़े 11 बजे बिल्सी-उझानी रोड पर हुआ।
रायपुर गांव का रहने वाला उमेश (23) सिरसौल गांव में अपनी बहन से मिलने गया था। मृतक के भाई अमित ने बताया, “उमेश दोपहर के समय बड़ी बहन से मिलने गया था। लौटते समय रात हो गई। उसने फोन पर बताया था कि बस या टैक्सी से घर आ जाऊंगा। इसके बाद वह बहन के घर से निकलकर बिल्सी उझानी रोड पर सिरसौल गांव के बाहर सवारी गाड़ी का इंतजार करने लगा।
इसी दौरान रात करीब साढ़े 11 बजे ब्लैक कलर की वैगन-आर (UP24 AT 4437) ने भाई को टक्कर मार दी। गाड़ी भाई के ऊपर चढ़ गई और वह उसी में फंस गया। इसके बाद भी कार चालक ने रफ्तार धीमी नहीं की और करीब तीन किलोमीटर तक उसे घसीटता हुआ हरगनपुर गांव तक ले आया।”
अमित ने बताया, “हरगनपुर गांव में आरोपी कार चालक ने सुनसान इलाके में गाड़ी खड़ी कर दी और मौके से फरार हो गया। गांव वालों ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस ने कार के पिछले दोनों पहियों को खोलकर उसमें फंसे उमेश को निकाला। हालांकि तब तक उमेश की मौत हो चुकी थी।” अमित ने कार के नंबर के आधार पर पुलिस को तहरीर देकर केस दर्ज कराया। बताया जा रहा है कि आरोपी कार चालक हरगनपुर गांव का ही रहने वाला है। उसने गांव के बाहर कार खड़ी की और मौके से भाग गया। मृतक उमेश खेतीबाड़ी का काम करता था।

एसएचओ बिल्सी अशोक कुमार ने बताया, “वैगन-आर कार में फंसकर घिसटने से 23 साल के युवक की मौत हुई है। युवक सिरसौल गांव के बाहर सवारी गाड़ी के लिए खड़ा था। वहां टक्कर के बाद युवक कार में फंस गया और हरगनपुर गांव तक घिसटता रहा। दोनों गांवों के बीच की दूरी 3 किमी है। आरोपी ड्राइवर भी हरगनपुर गांव का रहने वाला है। उसे हिरासत में ले लिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। आरोपी ड्राइवर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।”

