बदायूं- गंगाघाट पर विसर्जन को गये 6 लोग डूबे, चार को निकाला, 2 लापता

उत्तर प्रदेश

बदायूॅं जनमत। कछला गंगाघाट पर दो युवक गंगा में डूब गए। हादसा उस वक्त हुआ, जब दोनों विसर्जन को वहां पहुंचे थे। मामले की जानकारी पर फ्लड पीएसी समेत गोताखोरों ने देर रात तक दोनों की तलाश की, लेकिन दोनों का कोई पता नहीं लगा। युवक कासगंज जिले के रहने वाले हैं। उनके लापता होने से परिवार वालों में कोहराम मचा हुआ है।
कासगंज के गांव भिटौना निवासी पप्पू ने पिछले दिनों श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन कराया था। कथा के समापन के बाद कलश समेत हवन सामग्री आदि का विसर्जन करने के लिए वह कछला गंगाघाट आए थे। पप्पू के अलावा पांच अन्य लोग भी थे। स्नान करते वक्त सभी अचानक गहराई में जा पहुंचे और डूबने लगे।
गोताखोरों ने इनमें चार को निकाल लिया, लेकिन आनंद (30) समेत अभय सिंह (18) का कोई पता नहीं लग सका। मामले की जानकारी पर पहुंची पुलिस ने गोताखोरों को गंगा में पुन: उतारा, लेकिन इन दोनों का देर रात तक पता नहीं चल सका था।
गंगा दशहरा के पर्व पर यहां फ्लड पीएसी की बटालियन भी तैनात की गई थी। टीम अभी तक यहीं डेरा जमाए थी, ऐसे में अफसरों ने फ्लड पीएसी को भी इस काम में जुटा दिया। इधर, परिवार के लोग भी इस हादसे की जानकारी पर गंगाघाट पर जा पहुंचे और रोने-बिलखने लगे।
गंगा में घाट से कुछ दूरी पर चेतावनी बोर्ड लगा दिया गया है। ताकि लोग उसके पार न जाएं और डूबने जैसे हादसे न हों लेकिन अधिकांश लोग बोर्ड को दरकिनार करते हुए उसे पार कर जाते हैं और ये हादसे हो जाते हैं। बताया जाता है कि पप्पू समेत छह लोग भी बोर्ड को पार करके गहराई में नहाने गए थे और हादसा हो गया। एसएचओ उझाानी मनोज कुमार ने बताया कि लापता युवकों की तलाश कराई जा रही है।   

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *