बदायूँ जनमत। फायर ब्रिगेड के एक पुलिसकर्मी पर दूसरी शादी करने का आरोप लगा है। वह पहले से शादीशुदा था, इसके बावजूद उसने एक महिला के साथ धोखे से दूसरी शादी कर ली। इतना ही नहीं शादी के बाद उसने दूसरी पत्नी को घर से भी निकाल दिया।
पूरा मामला जिले के सहसवान का है। यहां सोनू नामक एक सिपाही फायर बिग्रेड में तैनात है। सिपाही पर आरोप है कि उसने जनपद अमरोहा के थाना नौगवॉ क्षेत्र के गांव लोधीपुरा वाजरा निवासी रजनी सिंह नामक युवती से दूसरी शादी रचा ली। उसको यह भी नहीं बताया था कि उसकी पहले से शादी हो चुकी है। पीड़ित महिला का आरोप है कि सोनू पहले से शादीशुदा था और उसने धोखे से उसके साथ दूसरी शादी कर ली। अब उसे ही घर से निकाल दिया। पीड़ित का कहना है कि वह पुलिस के आला अधिकारियों से मिलकर आरोपी सिपाही की शिकायत कर चुकी है, लेकिन आज तक आला अधिकारियों ने कोई कार्रवाई नहीं की।
उसका आरोप है कि उसे अभी तक न्याय नहीं मिला है। अधिकारियों के कार्यालयों के चक्कर काटते काटते वह इतनी परेशान है कि उसने आखिरी बार एसपी से मिलकर न्याय की गुहार लगाई है। वहीं इस मामले में बदायूं पुलिस ने सहसवान थाना प्रभारी से जांच कर कार्रवाई करने का आदेश दिया है।
