बदायूं में ट्रैक्टर-ट्रॉली ने साइकिल सवार छात्रा को रौंदा, मौके पर मौत, परिवार में मचा कोहराम

उत्तर प्रदेश

बदायूॅं जनमत। बृहस्पतिवार सुबह करीब आठ बजे स्कूल जा रही छात्रा को ट्रैक्टर ने कुचल दिया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। हादसा खंडुवा गांव के पास हुआ। सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। रोते-बिलखते परिजन घटनास्थल पर पहुंच गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी।
उधैती थाना क्षेत्र के कुबरी गांव निवासी सोपाली की 12 वर्षीय पुत्री प्रियंका खंडुवा गांव स्थित सुधारानी मॉडल पब्लिक स्कूल में कक्षा छह की छात्रा थी। परिजन ने बताया कि बृहस्पतिवार सुबह वह रोजाना की तरह साइकिल से स्कूल जाने के लिए घर से निकली थी। जैसे ही खंडुवा गांव के पास पहुंची, सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में छात्रा की मौके पर मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी उदयवीर सिंह पुलिस के साथ घटनास्थल पहुंचे और मामले की जानकारी जुटाई।
छात्रा की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। पुलिस हादसे के संबंध में जांच-पड़ताल में जुटी हुई है। पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में लिया है। सीओ बिल्सी आलोक सिद्धू ने बताया कि घटनास्थल पर जांच की गई। ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में ले लिया गया है। छात्रा के परिजनों की तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज करने की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *