जनमत एक्सप्रेस। बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक एमएलसी चुनाव में भाजपा प्रत्याशी हरी सिंह ढिल्लों ने बड़ी जीत दर्ज की। उन्होंने सपा प्रत्याशी हाजी दानिश अख्तर को 17,676 मतों के अंतर से हराया। पहले चरण से बनी ढिल्लों की बढ़त पांचवें और अंतिम चरण तक कायम रही।
भाजपा प्रत्याशी को 21,672 और सपा के हाजी दानिश को 3,996 मत प्राप्त हुए। 3,183 मत निरस्त हो गए। मतगणना में तीसरे स्थान पर डॉ. सुनीत गिरी रहे। उन्हें 2,145 वोट मिले। संजय मिश्र 981 वोटों के साथ चौथे और विमलेंद्र कुमार 622 वोटों के साथ पांचवें स्थान पर रहे।
मंगलवार सुबह आठ बजे से संजय गांधी कम्युनिटी हॉल में मतगणना शुरू हुई। चुनाव में भाजपा और सपा समेत कुल 17 प्रत्याशियों ने चुनौती पेश की। रिटर्निंग ऑफिसर शंभू कुमार ने बताया कि सुबह आठ बजे से मतगणना की प्रक्रिया शुरू हुई। सबसे पहले मतपेटियों से मतपत्रों को निकालकर 50-50 के बंडल बनाए गए। यह कार्य सुबह आठ से दोपहर करीब तीन बजे तक चला, जिसके बाद शाम चार बजे मतगणना शुरू हो सकी।
आठ टेबलों पर हुई गिनती…
मतगणना स्थल पर आठ टेबल लगाई गई थीं, जहां प्रत्याशियों के एजेंट गिनती पर नजर रखे रहे। सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे, जिसमें तीन चरणों का सुरक्षा घेरा शामिल था। समर्थकों को मतगणना स्थल से सौ मीटर पहले ही रोक दिया गया था। परिसर के मुख्य गेट पर भारी पुलिस बल तैनात रहा, जहां जांच के बाद ही लोगों को प्रवेश मिला।
इसके बाद मतगणना परिसर में दाखिल होने से पहले भी सघन तलाशी की व्यवस्था की गई थी। इस तरह मतगणना स्थल के बाहर से लेकर अंदर तक सुरक्षा के तीन चरण बनाए गए। मतगणना की निगरानी और व्यवस्थाओं के लिए बरेली और मुरादाबाद मंडल के संबंधित अधिकारी भी मौजूद रहे।
मतगणना के दूसरे दौर के दौरान सपा प्रत्याशी के एजेंटों ने गलत तरीके से वोट गिनने का आरोप लगाया। टेबल नंबर सात पर बहस होने पर पुलिस और अधिकारी मौके पर पहुंचे और वोट दोबारा खोलकर दिखाए, जिसके बाद एजेंट शांत हुए। टेबल नंबर पांच पर भी ऐसी ही बहस हुई, लेकिन कोई बड़ा हंगामा नहीं हुआ।


