बदायूं में गंगा एक्सप्रेसवे पर जानवर से टकराने के बाद पलटी थार, महिला की मौत, 03 घायल

उत्तर प्रदेश

बदायूॅं जनमत‌। हजरतपुर थाना क्षेत्र में गंगा एक्सप्रेसवे पर मंगलवार की देर रात करीब 11 बजे पिलर संख्या 221 के पास थार गाड़ी पशु से टकराकर पलट गई। इस हादसे में दिल्ली निवासी कुसुम मिश्रा (उम्र 48 वर्ष) की मौत हो गई, जबकि हादसे में महिला के पुत्र शिवम मिश्रा (उम्र 28 वर्ष) और शुभम मिश्रा (उम्र 25 वर्ष) और भाई सचिन मिश्रा घायल हो गए। ये सभी लोग वाराणसी से दिल्ली जा रहे थे।
हादसे की सूचना मिलने पर यूपीडा की एंबुलेंस सभी घायलों को लेकर दातागंज सीएससी पहुंची, जहां घायलों को प्राथमिक उपचार दिया गया। हादसे में घायल शुभम मिश्रा की हालत ज्यादा गंभीर बताई जा रही है। घायल सचिन मिश्रा ने सीएचसी में बताया कि वे सभी वाराणसी से दिल्ली जा रहे थे। गंगा एक्सप्रेसवे पर अचानक कोई जानवर आ गया और गाड़ी उससे टकराने के बाद पलट गई। सचिन दोनों भांजों को निजी एंबुलेंस से बरेली के हायर सेंटर लेकर गए हैं।
हादसे की सूचना सीएससी के फार्मासिस्ट ने दातागंज पुलिस को दी। जानकारी करने पर मालूम हुआ कि घटना हजरतपुर थाना क्षेत्र में हुई है। इसके बाद हजरतपुर थाने में सूचना दी गई। महिला का शव दातागंज सीएचसी में रखवा दिया गया। क्षतिग्रस्त गाड़ी गंगा एक्सप्रेसवे की सुरक्षा विंग ने डहरपुर इंटरचेंज के पास खड़ी करा दी। सीओ दातागंज अशेष नाथ सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है, हजरतपुर थाना पुलिस को मौके पर जानकारी कर घटना के संबंध में आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *