मोदी सरकार के 12 साल पूरे होने पर 5 से 21 जून तक चलेगा जागरूक अभियान, नवनियुक्त प्रभारी मंत्री ने की बैठक

उत्तर प्रदेश

बदायूँ जनमत। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर जनपद सहित पूरे प्रदेश में समेकित जनकल्याण एवं जन जागरूकता अभियान 05 जून से 21 जून तक चलाया जाएगा। अभियान के सफल संचालन व क्रियान्वयन के संबंध में प्रदेश सरकार के स्तर से जनपद के प्रभारी मंत्री बनाए गए राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) वन विभाग अरुण कुमार सक्सेना ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जन प्रतिनिधियों व अधिकारियों के साथ बैठक कर अभियान को जन सहभागिता व माइक्रो प्लानिंग के साथ सफल बनाने के निर्देश दिए। कहा कि अभियान अंतर्गत केंद्र व प्रदेश सरकार की विभिन्न योजनाओं के प्रचार प्रसार के साथ-साथ पात्रों को योजनाओं से लाभान्वित भी किया जाए।
बैठक की अध्यक्षता करते जनपद के प्रभारी मंत्री व प्रदेश सरकार में राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) वन एवं पर्यावरण, जन्तु उद्यान एवं जलवायु परिवर्तन अरुण कुमार सक्सेना ने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आमजन को मुहैया कराया गया है। उन्होंने कहा कि समस्त कार्यक्रम सेवा, संस्कार, सुशासन एवं सम्मान के मूल भाव के अनुरूप संचालित किए जाएं। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी सहानुभूति पूर्वक पात्रों को योजनाओं का लाभ दिलाना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में विश्व में सबसे ज्यादा पौधारोपण किया गया है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वह हर जरूरतमंद तक पहुंचे। विकास प्रदर्शनी का भव्य आयोजन कराएं तथा विश्व पर्यावरण दिवस 05 जून व आगामी दिनों में कराए जाने वाले पौधारोपण के कार्यों को त्यौहार के रूप में मनाया जाए तथा जनता तक मोदी जी व योगी जी की योजनाएं पहुंचाई जाएं।
भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता ने कहा कि सभी ब्लॉकों में आयोजित होने वाले जन-जनकल्याण शिविर के आयोजन से पूर्व इसका प्रचार प्रसार किया जाए ताकि अधिक से अधिक लोग इन शिवरों का लाभ ले सकें। उन्होंने प्राकृतिक कृषि कार्यशाला के लिए आमंत्रित किए जा रहे किसानों की सूची भी उपलब्ध कराने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि अभियान को माइक्रो प्लानिंग बनाकर जन सहभागिता के साथ सफल बनाया जाए।
जिलाधिकारी अवनीश राय ने जन जागरूकता अभियान के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि अभियान का शुरुआत विश्व पर्यावरण दिवस 05 जून से होगी, इस दिन कृषि विज्ञान केंद्र उझानी में वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम किया जाएगा। इस विशेष दिवस के लिए जनपद को 08 लाख 65 हजार पौधारोपण का लक्ष्य प्राप्त हुआ है, जिसमें वन विभाग को 50 हजार, ग्राम्य विकास विभाग को 5 लाख 46 हजार, पंचायती राज विभाग को 36 हजार, कृषि विभाग को 1 लाख 37 हजार, उद्यान विभाग को 91 हजार व नगर निकायों को 05 हजार का लक्ष्य दिया गया है।
उन्होंने बताया कि पौधारोपण के लिए नगर निकाय स्तर पर अपर जिलाधिकारी प्रशासन, ग्रामीण स्तर पर परियोजना निदेशक डीआरडीए को नोडल अधिकारी बनाया गया है इसके अतिरिक्त पूरे वृक्षारोपण कार्यक्रम के लिए जिला वन अधिकारी को नोडल अधिकारी बनाया गया है। बताया कि 05 जून को ही जन जागरूकता रैली भी निकल जाएगी। उन्होंने बताया कि 8 जून से 14 जून के मध्य नगर निकायों में मलिन बस्तियों का चयन कर वहां स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान योजनाओं का लाभ भी पात्रों को पहुंचाया जाएगा। मलिन बस्तियों में संवाद तथा सरकार आपके द्वार स्वरूप में जन समस्या समाधान शिविरों का आयोजन भी किया जाएगा। 12 व 13 जून को प्रदेश स्तर पर मुख्यमंत्री मीडिया से वार्ता करेंगे इसके बाद जनपद स्तर पर प्रभारी मंत्री अन्य जनप्रतिनिधियों के साथ मीडिया के साथ प्रेस वार्ता भी करेंगे।
उन्होंने बताया कि 14 जून से 16 जून तक समस्त विकासखण्डों में जनकल्याण शिविर एवं स्वास्थ्य मेले का आयोजन किया जाएगा। 5 जून से 21 जून की अवधि में विकासखंड स्तरीय कैंपों में फार्मर रजिस्ट्री, फैमिली आईडी और आयुष्मान कार्ड के रजिस्ट्रेशन का कार्य भी किया जाएगा। जनपद स्तर पर 17 जून से 20 जून तक डायट परिसर ऑडिटोरियम में जनपद स्तरीय प्रदर्शनी का आयोजन भी किया जाएगा। कार्यक्रम की अवधि में प्राकृतिक कृषि कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा जिसमें 500 से अधिक कृषकों की उपस्थिति सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने बताया कि जन जागरूकता अभियान के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों में रात्रि चौपाल का आयोजन भी किया जाएगा तथा विकासखंड क्षेत्र में भी समस्त ग्राम पंचायत में विशेष साफ-सफाई अभियान भी चलाया जाएगा। उन्होंने बताया कि 21 जून 2026 को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस जनपद, ग्राम आदि स्तरों पर मनाया जाएगा। साइकिल एवं पैदल जन जागरूकता यात्राएं भी आयोजित की जाएगी।
इस अवसर पर अध्यक्ष जिला सहकारी बैंक जे0के0 सक्सेना, मुख्य विकास अधिकारी गामिनी सिंगला, जिला वन अधिकारी निधि चौहान, अपर जिलाधिकारी प्रशासन अरुण कुमार, सहायक निदेशक सूचना आशुतोष चन्दोला सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *